मजिस्ट्रियल चेकिंग से हड़कंप! 4 घंटे में 57 वाहन पकड़े, 1.77 लाख का जुर्माना | SAGAR TV NEWS |
मध्यप्रदेश के मुरैना में मंगलवार सुबह मजिस्ट्रियल वाहन चेकिंग से हड़कंप मच गया। सुबह सात बजे बैरियर चौराहे पर जिला न्यायालय के छह न्यायाधीश यातायात और पुलिस बल के साथ सड़क पर उतरे और वाहनों की जांच शुरू कर दी। करीब चार घंटे चली इस कार्रवाई में 57 वाहनों में नियमों की अनदेखी मिलने पर चालानी कार्रवाई की गई। इनसे कुल एक लाख 77 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया। चौंकाने वाली बात यह रही कि कार्रवाई की जद में आए करीब आधे वाहन स्कूली बच्चों को लाने-ले जाने वाले थे।
जानकारी के मुताबिक, जिला न्यायालय के सीजेएम अजय सिंह सहित छह न्यायाधीश मंगलवार सुबह करीब सात बजे बैरियर चौराहे पर पहुंचे। उनके साथ यातायात थाना और सिविल लाइन थाना पुलिस की टीमें भी मौजूद रहीं। सुबह के समय स्कूल बसों और अन्य स्कूली वाहनों की आवाजाही को देखते हुए उनकी विशेष जांच की गई। चेकिंग शुरू होते ही वाहन चालकों में अफरा-तफरी का माहौल दिखाई दिया।
जांच के दौरान कई स्कूल बसों, मिनी बसों और अन्य स्कूली वाहनों में कमियां मिलीं। कुछ चालक निर्धारित वर्दी में नहीं थे, तो कुछ के पास जरूरी बैज नहीं मिला। वहीं, कुछ वाहनों में प्रदूषण प्रमाणपत्र से जुड़ी कमियां भी सामने आईं। नियमों का पालन नहीं करने वाले वाहनों को यातायात थाना परिसर में खड़ा कराया गया और फिर कमियों के आधार पर चालानी कार्रवाई की गई।
करीब चार घंटे तक चली इस मजिस्ट्रियल चेकिंग में कुल 57 वाहनों पर कार्रवाई हुई और एक लाख 77 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया। कार्रवाई का असर शहर की यातायात व्यवस्था पर भी देखने को मिला। जानकारी के अनुसार, ग्वालियर-मुरैना के बीच चलने वाली कुछ बसें रास्ते में रुक गईं या दूसरे मार्गों से होकर निकलीं। बस स्टैंड पर ऑटो की संख्या भी सामान्य से कम दिखाई दी। स्कूली वाहनों में नियमों की अनदेखी बच्चों की सुरक्षा से जुड़ा गंभीर विषय है। मजिस्ट्रियल चेकिंग के जरिए प्रशासन ने वाहन संचालकों को नियमों का पालन करने का संदेश दिया है। अब देखना होगा कि इस कार्रवाई के बाद स्कूली वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था में कितना सुधार आता है।