Sagar - पति पर भूत-प्रेत का साया बताकर महिला के जेवर-नकदी लेकर भागे ढोंगी बाबा गिरफ्तार
सागर में झाड़-फूंक की आड़ में ठगी करने वाली गैंग के दो सदस्यों को मोतीनगर पुलिस ने दबोचा है। मोतीनगर थाना क्षेत्र के ग्राम आमेट में पति पर भूत-प्रेत का साया होने का खौफ दिखाकर दो ढोंगी बाबाओं ने 22 वर्षीय महिला को चकमा दिया और अलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवरात व नकदी समेटकर रफूचक्कर हो गए। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर दोनों शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
आटा मांगने के बहाने घर में घुसे, फिर दिखाया खौफ मोतीनगर थाना प्रभारी जसवंत सिंह राजपूत ने बताया कि ग्राम आमेट निवासी 22 वर्षीय मनीषा ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 25 अक्टूबर की सुबह करीब 10 बजे जब वह घर पर अकेली थी, तब दो अज्ञात बाबा दरवाजे पर आकर आटा मांगने लगे। जब मनीषा आटा देने लगी, तो बाबाओं ने गेहूं की मांग की। इसी दौरान दोनों बाबा घर के आंगन में आकर बैठ गए। जैसे ही महिला गेहूं लेने कमरे में गई और वापस आई, तो ढोंगी बाबाओं ने उसे डराते हुए कहा-तुम्हारे पति पर भारी भूत-प्रेत का साया है। इसका उपाय करना पड़ेगा। अपने जेवर सामने रखो और तुरंत जाकर नहाकर आओ। महिला डर गई और उनकी बातों में आकर नहाने चली गई।
महिला जब नहाकर बाहर लौटी, तो दोनों बाबा गायब थे। कमरे का सामान फैला हुआ था और अलमारी खुली पड़ी थी। जांच करने पर अलमारी में रखे दो तोले चांदी की बिछिया, 7000 रुपए नकदी और अन्य सामान गायब था। महिला ने तुरंत पड़ोसी और अपने पति को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस में एफआईआर दर्ज कराई गई।