खेत में धान खा रहे हाथी ने किसान को पटका, जंगल से आया हाथी; वन विभाग अलर्ट | SAGAR TV NEWS |
मध्यप्रदेश के डिंडोरी जिले में जंगली हाथी की मौजूदगी से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। मेहदवानी वन परिक्षेत्र के डोभी गांव में बुधवार सुबह खेत में काम कर रहे 55 वर्षीय किसान मंगल सिंह परस्ते पर हाथी ने हमला कर दिया। हाथी ने किसान को पटक दिया, जिससे उनके हाथ-पैर और कमर में चोटें आई हैं। वन विभाग की टीम ने घायल किसान को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां उनका उपचार किया गया। बताया जा रहा है कि यह हाथी मंडला जिले के जंगल से इस क्षेत्र में आया है।
जानकारी के मुताबिक, डोभी गांव निवासी मंगल सिंह परस्ते बुधवार सुबह अपने खेत में काम कर रहे थे। वहीं, उनके बेटे गोपाल सिंह परस्ते मवेशी चरा रहे थे। इसी दौरान खेत के पीछे मौजूद हाथी धान की फसल खा रहा था। किसान कुछ समझ पाते, उससे पहले ही हाथी ने उन पर हमला कर दिया और पटक दिया। अचानक हुए इस हमले से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घायल किसान को अस्पताल पहुंचाया।
पिछले दो दिनों से क्षेत्र में हाथी की मौजूदगी के चलते ग्रामीणों में डर बना हुआ है। शहपुरा के एसडीओ सुनील अशोक के अनुसार, मंडला जिले के टिकरिया रेंज के जंगल से करीब दो दिन पहले एक हाथी इस क्षेत्र में पहुंचा था। हाथी की आवाजाही को देखते हुए वन विभाग ने जंगल के किनारे बसे गांवों में मुनादी कराकर लोगों को सतर्क रहने की अपील की है।
वन विभाग की टीम दिन और रात गश्त कर रही है। अधिकारियों के मुताबिक, हाथी की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है और फिलहाल उसके मंडला जिले की ओर बढ़ने के संकेत मिले हैं। ग्रामीणों को सलाह दी गई है कि वे अकेले जंगल या खेतों की ओर न जाएं और हाथी दिखाई देने पर उसके नजदीक जाने या उसे भगाने की कोशिश न करें।
डिंडोरी में हाथी के हमले के बाद वन विभाग सतर्क है। अब ग्रामीणों की सुरक्षा और हाथी की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करना विभाग के सामने बड़ी चुनौती है। लोगों से अपील है कि हाथी दिखने पर तुरंत वन विभाग को सूचना दें और सुरक्षित दूरी बनाए रखें।