फरार CSP नेहा पच्चीसिया की जमानत पर फैसला सुरक्षित, हाईकोर्ट में सुनवाई पूरी | SAGAR TV NEWS |
एमपी के कटनी की निलंबित सिटी एसपी नेहा पच्चीसिया की मुश्किलें फिलहाल कम होती नजर नहीं आ रही हैं। जबलपुर हाईकोर्ट में उनके खिलाफ दर्ज एफआईआर निरस्त कराने और अग्रिम जमानत की मांग को लेकर दायर याचिकाओं पर सुनवाई पूरी हो गई है। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अदालत ने अपना फैसला सुरक्षित रख लिया है। अब सभी की निगाहें हाईकोर्ट के अंतिम निर्णय पर टिकी हैं।
दरअसल, नेहा पच्चीसिया के खिलाफ कटनी के कुठला थाने में धोखाधड़ी और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम सहित विभिन्न कानूनी प्रावधानों के तहत मामला दर्ज है। मामले में आरोप है कि हत्या के एक प्रकरण में समय पर चालान पेश नहीं होने के कारण संबंधित आरोपी को डिफॉल्ट जमानत का लाभ मिल गया था। इसके बाद जमीन की खरीद-फरोख्त में कथित अनियमितताओं और वास्तविक कीमत से कम दाम पर सौदा किए जाने के आरोप भी सामने आए। जांच के दौरान इस पूरे मामले में नेहा पच्चीसिया की भूमिका भी सवालों के घेरे में आई।
इन आरोपों के बीच नेहा पच्चीसिया की ओर से हाईकोर्ट में एफआईआर निरस्त करने और अग्रिम जमानत देने की मांग की गई। सुनवाई के दौरान बचाव पक्ष ने जमीन के सौदे में उनकी भूमिका से इनकार किया। उनके वकीलों की दलील थी कि विवादित जमीन मारूफ अहमद हनफी के नाम पर खरीदी गई थी और लेनदेन से जुड़ी राशि क्षितिज राज पात्रे के माध्यम से संबंधित बैंक खाते में भेजी गई थी।
बचाव पक्ष ने यह भी तर्क दिया कि जमीन की खरीद के लिए नेहा पच्चीसिया के बैंक खाते से कोई भुगतान नहीं किया गया। इन्हीं दलीलों के आधार पर उनके खिलाफ दर्ज एफआईआर को निरस्त करने और अग्रिम जमानत देने की मांग की गई। हालांकि, इन दलीलों पर अदालत का अंतिम निर्णय अभी आना बाकी है। फिलहाल, हाईकोर्ट ने दोनों याचिकाओं पर सुनवाई पूरी कर फैसला सुरक्षित रख लिया है। अब अदालत के निर्णय से तय होगा कि नेहा पच्चीसिया को राहत मिलती है या उन्हें कानूनी प्रक्रिया का सामना करना पड़ेगा।