Sagar - युवक राज की मौत पर उठे सवाल, निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर सड़क पर उतरे परिजन और वार्डवासी
सागर जिले के राहतगढ़ में युवक राज की मौत का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। युवक की मौत के बाद जांच में परिणाम सामने नहीं आने से नाराज परिजनों और वार्ड नंबर 15 के निवासियों ने बुधवार को पुलिस एसडीओपी और तहसीलदार को ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की। मामले में एसडीओपी ने पांच दिन के भीतर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है। परिजनों ने अस्पताल में हुए इलाज से लेकर युवक को अस्पताल ले जाने वाले लोगों तक की जांच कराने की मांग उठाई है।
दरअसल, बीते 21 अक्टूबर को दशहरे की रात राहतगढ़ निवासी राज की मौत हो गई थी। जानकारी के मुताबिक, राज को सिविल अस्पताल में इलाज के लिए ले जाया गया था। इसके बाद घर पर दवा खिलाए जाने के बाद उसकी मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की थी। हालांकि, परिजनों का कहना है कि अब तक जांच में कोई ठोस परिणाम सामने नहीं आया है। इसी बात से नाराज होकर परिजन और वार्डवासी कार्रवाई की मांग को लेकर अधिकारियों के पास पहुंचे।
ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई है कि राज को अस्पताल लेकर जाने वाले लोगों से पूछताछ की जाए और अस्पताल में उसे दी गई दवाओं की भी जांच हो। परिजनों ने डॉक्टरों की भूमिका की जांच कराने की मांग करते हुए कहा कि पूरे मामले की निष्पक्षता से पड़ताल की जानी चाहिए, ताकि मौत की वास्तविक वजह सामने आ सके।
परिजनों ने कुछ दिन पहले मुर्गे की दुकान पर हुए विवाद की जांच कराने की मांग भी उठाई है। उनका कहना है कि इस विवाद से जुड़े पहलुओं को भी जांच में शामिल किया जाए। बुधवार को सौंपे गए ज्ञापन के बाद एसडीओपी ने पांच दिन के भीतर कार्रवाई का आश्वासन दिया है। अब परिजनों को पुलिस जांच के नतीजों का इंतजार है।
फिलहाल, राज की मौत के मामले में पुलिस की जांच जारी है। परिजनों ने निष्पक्ष जांच कर सभी संबंधित पहलुओं को स्पष्ट करने की मांग की है। अब देखना होगा कि पुलिस की जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं और परिवार को कब तक न्याय मिल पाता है।