MP में 45 हजार की रिश्वत लेते दो अधिकारी गिरफ्तार, कार्यपालन यंत्री बोले कोई प्यार से दे तो रख लेता हूं!
मध्य प्रदेश के पन्ना में लोकायुक्त सागर की टीम ने जल संसाधन विभाग में रिश्वतखोरी के मामले में बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने संभागीय लेखा अधिकारी दीपक सिंह परमार को 15 हजार और सहायक ग्रेड-2 अरविंद कुमार पाठक को 30 हजार रुपये की कथित रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। दोनों पर ठेकेदार के अंतिम बिल का भुगतान कराने के बदले रिश्वत मांगने का आरोप है। वहीं, कार्रवाई के बाद विभाग के कार्यपालन यंत्री का बयान भी चर्चा में आ गया है।
जानकारी के मुताबिक, ग्वालियर के पंजीकृत ठेकेदार गौरव तोमर मझगांय मध्यम परियोजना के तहत नहर के कैनाल स्लूस निर्माण का काम करा रहे थे। ठेकेदार का आरोप है कि उनके तीन भुगतान हो चुके थे, लेकिन चौथे और अंतिम बिल को पास कराने के लिए अधिकारियों द्वारा पैसों की मांग की जा रही थी। कई महीनों तक चक्कर लगाने के बाद उन्होंने सागर लोकायुक्त कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के सत्यापन के बाद टीम ने जाल बिछाकर कार्रवाई की।
लोकायुक्त टीम ने कार्रवाई के दौरान दोनों अधिकारियों को कुल 45 हजार रुपये लेते हुए पकड़ा। डीएसपी कमल सिंह उईके के मुताबिक, आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई शुरू की गई है। मामले में आगे की जांच जारी है।
कार्रवाई के बाद जब पत्रकारों ने जल संसाधन विभाग के कार्यपालन यंत्री सी.बी. अहिरवार से सवाल किए, तो उन्होंने कहा कि भुगतान में देरी फंड की कमी से होती है और रिश्वत मांगना गलत है। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि कोई तय प्रतिशत नहीं है, लेकिन कोई अपनी खुशी से कुछ दे तो वे रख लेते हैं। उनके इस बयान के बाद विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं।
फिलहाल, लोकायुक्त की कार्रवाई के बाद दोनों आरोपियों के खिलाफ कानूनी प्रक्रिया जारी है। अब जांच में यह स्पष्ट होगा कि रिश्वत मांगने के मामले में और किन लोगों की भूमिका सामने आती है। वहीं, कार्यपालन यंत्री के बयान पर भी लोगों की निगाहें टिकी हैं।