Sagar-करवा चौथ पर 8 बजे चंद्रदर्शन, बादलो में न दिखे चाँद तो ऐसा कर सकती महिलाएं
सागर में गुरुवार को करवाचौथ मनाया जा रहा है। सुहागिन महिलाएं पति की लंबी उम्र के लिए पूरे दिन निर्जला व्रत रख रही हैं। रात में चंद्रमा के दर्शन कर अर्घ्य देने के बाद व्रत खोलेंगी। हालांकि, इस बार चक्रवात अर्नब के असर से सागर के आसमान में घने बादल छाए हुए हैं। रात तक बादल रहने का अनुमान है। ऐसे में महिलाओं को चांद के दर्शन के लिए इंतजार करना पड़ सकता है। जानकारों के अनुसार सागर में गुरुवार को चंद्रदर्शन का समय शाम 7:56 बजे से 8 बजकर 19 मिनिट के बीच है,
ज्योतिषाचार्य पंडित रामगोविंद शास्त्री के अनुसार, गुरुवार को शाम 6 बजे से 7:30 बजे तक अमृत चौघड़िया रहेगा। इसके बाद रात 9 बजे तक चर चौघड़िया रहेगा। महिलाएं परंपरा के अनुसार पूजन कर चंद्रमा को अर्घ्य दे सकती हैं। उन्होंने बताया कि शास्त्रों के अनुसार, बारिश या बादलों के कारण चंद्रमा के दर्शन नहीं हो पा रहे हों, तो महिलाएं व्रत कथा का पाठ कर विधि-विधान से पूजन कर सकती हैं। ऐसी स्थिति में पति को चंद्रमा का प्रतीक मानकर पूर्व दिशा में अर्घ्य देकर व्रत का पारण किया जा सकता है। बाद में चंद्रमा के दर्शन होने पर चंद्रदेव का पूजन किया जा सकता है।
करवाचौथ को लेकर सागर के बाजारों में भीड़ है। महिलाएं परिवार के साथ करवा और पूजन सामग्री खरीदने पहुंच रही हैं। शहर के ब्यूटी पार्लरों में पहले से बुकिंग हो चुकी है।
बाजार में मल्टीकलर लहंगे, डिजाइनर साड़ियां, हल्के कुंदन-पोल्की आभूषण और रेडीमेड पोशाकों की मांग है। इस बार सोलह शृंगार में परंपरा के साथ फैशन का नया अंदाज भी दिख रहा है। महिलाएं अपनी ड्रेस के रंग के अनुसार ज्वेलरी, चूड़ियां, लिप शेड और नेल आर्ट चुन रही हैं। हल्के आभूषण और रेडीमेड पोशाकें भी पसंद की जा रही हैं, क्योंकि इन्हें पहनना आरामदायक है और त्योहार के बाद भी इस्तेमाल किया जा सकता है।