Sagar-करवा चौथ पर 8 बजे चंद्रदर्शन, बादलो में न दिखे चाँद तो ऐसा कर सकती महिलाएं
सागर में लेहदरा से बेरखेड़ी गुरु तक बनाए जा रहे बायपास के निर्माण कार्य में एनएचएआई और निर्माण एजेंसी की मिलीभगत खुलकर सामने आ गई है। सड़क निर्माण के नाम पर तय मानकों को ताक पर रखकर सरकारी जमीन और पहाड़ों का उत्खनन किया जा रहा है। ग्रामीणों के विरोध के बावजूद न तो निर्माण एजेंसी संतोषजनक जवाब दे रही है और न ही जिम्मेदार प्रशासनिक अधिकारी कोई ठोस कार्रवाई कर रहे हैं।
ग्राम पंचायत रतौना के सरपंच सुरेंद्र चढ़ार ने बताया कि एनएचएआई ने जिस निर्माण कंपनी को परियोजना की जिम्मेदारी सौंपी है, वह नियमों को ताक पर रखकर लगातार अवैध उत्खनन कर रही है। सोमवार की रात करीब 11 बजे कंपनी ने तय स्थान की जगह दूसरे स्थान शासकीय पहाड़ी पर भारी-भरकम मशीनें चढ़ा दीं और खुदाई शुरू कर दी। सरपंच का आरोप है कि ठेकेदार और स्थानीय कुछ लोगों की आपसी मिलीभगत से अवैध खेल चल रहा है। लगभग 3 एकड़ से अधिक क्षेत्र में पहाड़ को करीब 12 फीट तक गहरा खोद डाला गया है, जिससे पर्यावरण और भू-संरचना को भारी नुकसान पहुंच रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण एजेंसी दिन के उजाले में आवंटित जगह पर खुदाई करती है और रात होते ही शासकीय पहाड़ को खोदने में जुट जाती है। जब सोमवार रात को अवैध उत्खनन की सूचना मिली, तो सरपंच सुरेंद्र चढ़ार और ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और काम बंद करवाया। विरोध जताने पर स्थिति उस उस समय और तनावपूर्ण हो गई, जब सरपंच पर दबाव बनाने के लिए यहां-वहां से फोन आने लगे।
शासकीय पहाड को खोदे जाने के मामले में ग्रामीणों ने एक ग्राम सभा भी आयोजित की। सरपंच सुरेंद्र चढ़ार ने कहा है कि यदि उत्खनन और मिलीभगत पर जल्द रोक नहीं लगाई गई, तो इस पूरे मामले की लिखित शिकायत कलेक्टर कार्यालय में दर्ज कराएंगे और प्रदर्शन करेंगे
सागर के खनिज अधिकारी रमेश पटेल ने बताया कि हाल में दो-तीन एजेंसियों के लिए अनुमति दी गई है। लेहदरा में कौन सी एजेंसी काम कर रही है, इसकी जानकारी नहीं है, लेकिन अगर बिना अनुमति के खुदाई की जा रही होगी, तो कार्रवाई की जाएगी।