सागर- सड़क पर टूटकर गिरी केबल बनी आफत, कई वाहन फिसले, एंबुलेंस भी अटकी | SAGAR TV NEWS |
सागर शहर के जिला पंचायत चौराहे के पास गुरुवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक मोबाइल टेलीकॉम कंपनी की नारंगी रंग की केबल अचानक खंभों से टूटकर सड़क पर गिर गई। सड़क पर फैली केबल के कारण करीब आधे घंटे तक यातायात प्रभावित रहा। इस दौरान दोपहिया वाहन चालकों को सबसे ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ा। केबल में उलझकर और फिसलन के कारण करीब आधा दर्जन दोपहिया वाहन चालक सड़क पर गिर गए।
घटना गुरुवार दोपहर करीब 1:30 बजे की बताई जा रही है। उस समय बारिश हो रही थी और वाहन चालक भीगने से बचने के लिए जल्दबाजी में अपने गंतव्य की ओर जा रहे थे। इसी बीच सड़क पर पड़ी केबल उनके लिए मुसीबत बन गई। कई वाहन चालक केबल को देखकर संभलकर निकलते नजर आए, जबकि कुछ लोग इसकी चपेट में आकर गिर पड़े।
स्थिति ऐसी थी कि दोपहिया वाहनों के साथ चारपहिया वाहन और यहां तक कि एक एंबुलेंस भी केबल के कारण फंस गई। सड़क पर केबल पड़ी होने से वाहन चालकों में डर बना रहा और यातायात की रफ्तार थम गई।
हालांकि, कुछ समय बाद नगर निगम के कर्मचारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने सड़क पर पड़ी केबल को हटाकर फ्लेक्स के पोल से बांधा और उसे ऊपर किया। इसके बाद वाहन चालकों ने राहत की सांस ली और यातायात धीरे-धीरे सामान्य हो गया।
गनीमत रही कि यह बिजली का तार नहीं था, अन्यथा बारिश के बीच कोई बड़ा हादसा हो सकता था। हालांकि, टेलीकॉम कंपनी की केबल गिरने से भी लोगों की जान जोखिम में पड़ गई। इस घटना ने शहर में सड़कों के ऊपर लटकती और बेतरतीब पड़ी केबलों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।