MP में 2 हजार रुपये लेते ASI का वीडियो वायरल, SP ने किया सस्पेंड; CSP को सौंपी जांच
मध्य प्रदेश के छतरपुर में पुलिस विभाग से जुड़ा कथित रिश्वतखोरी का मामला सामने आया है। सिविल लाइन थाने में पदस्थ एएसआई सीताराम का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें वे कथित तौर पर एक व्यक्ति से 2 हजार रुपये लेते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा ने तत्काल कार्रवाई करते हुए एएसआई को निलंबित कर लाइन अटैच कर दिया है। मामले की जांच छतरपुर सीएसपी को सौंपी गई है।
वायरल वीडियो में एएसआई सीताराम एक व्यक्ति से 2 हजार रुपये अपने बैग में रखवाते नजर आ रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस विभाग में हलचल मच गई और पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसपी रजत सकलेचा ने एएसआई के खिलाफ कार्रवाई की। हालांकि, वीडियो में दिखाई दे रहे लेनदेन की वास्तविक परिस्थितियों और इसके पीछे की वजह का खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।
एसपी के मुताबिक, शुरुआती जानकारी में नौकरी दिलाने के नाम पर पैसों के लेनदेन का विवाद सामने आया है। बताया गया कि वीडियो में रुपये देने वाले व्यक्ति ने कथित तौर पर नौकरी दिलाने के नाम पर किसी अन्य व्यक्ति से 22 हजार रुपये लिए थे। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ और शिकायतें की गईं। जानकारी के अनुसार, संबंधित व्यक्ति ने कुछ रकम वापस भी की थी। इसी मामले के सिलसिले में एएसआई सीताराम का संबंधित पक्षों से संपर्क हुआ था।
इसी घटनाक्रम के बीच एएसआई का 2 हजार रुपये लेते हुए वीडियो वायरल हो गया। इसके बाद एसपी ने उन्हें निलंबित कर लाइन अटैच करने के निर्देश दिए और जांच की जिम्मेदारी सीएसपी को सौंपी। अब जांच में यह स्पष्ट किया जाएगा कि रुपये किस परिस्थिति में लिए गए और पूरे मामले में किसकी क्या भूमिका रही। फिलहाल, एएसआई सीताराम को निलंबित कर दिया गया है और मामले की जांच जारी है। एसपी ने स्पष्ट किया है कि पुलिसकर्मियों द्वारा रिश्वत लेने जैसे कृत्य बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। अब जांच रिपोर्ट के बाद मामले में आगे की कार्रवाई तय होगी।