Sagar-शेयर मार्केट में 70 लाख के लेनदेन का खुलासा! कॉलोनी में दबिश देकर तीन पकड़े | SAGAR TV NEWS |
सागर में शेयर मार्केट में निवेश कर मोटा मुनाफा कमाने का झांसा देकर कथित धोखाधड़ी करने वाले गिरोह का मोतीनगर पुलिस ने खुलासा किया है। काकागंज की वर्धमान कॉलोनी में संचालित गतिविधियों पर पुलिस ने दबिश देकर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान 12 मोबाइल फोन और आठ बैंक खातों से संबंधित रिकॉर्ड सहित लेनदेन के दस्तावेज जब्त किए गए हैं। शुरुआती जांच में इन दस्तावेजों से करीब 60 से 70 लाख रुपये के लेनदेन की जानकारी सामने आई है। मामले का कथित मुख्य आरोपी करण चौरसिया फिलहाल फरार है।
मोतीनगर थाना प्रभारी जसवंत सिंह राजपूत ने गुरुवार ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि वर्धमान कॉलोनी स्थित एक मकान में बिना सेबी की आवश्यक अनुमति के शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर लोगों से कथित धोखाधड़ी की जा रही है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी।
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान सौरभ रैकवार, अनिल नामदेव और दीपक राजपूत, तीनों निवासी सागर, को हिरासत में लेकर गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर करण चौरसिया के कहने पर काम करने की बात बताई। जिस मकान में यह गतिविधि संचालित होने की जानकारी मिली है, वह भी करण चौरसिया का बताया जा रहा है।
पुलिस ने मौके से मिले मोबाइल फोन और वित्तीय लेनदेन से जुड़े दस्तावेज जब्त कर जांच शुरू कर दी है। अब बैंक खातों के रिकॉर्ड और मोबाइल फोन की पड़ताल के जरिए यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि निवेश के नाम पर रकम कैसे जुटाई जाती थी और उसका इस्तेमाल किन उद्देश्यों के लिए किया जा रहा था।
फिलहाल पुलिस फरार आरोपी करण चौरसिया की तलाश में जुटी है। मामले में धोखाधड़ी सहित संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच की जा रही है। पुलिस की विस्तृत जांच के बाद ही कथित ठगी के तरीके, पीड़ितों की संख्या और इस नेटवर्क में अन्य लोगों की भूमिका स्पष्ट हो सकेगी।