सागर- दीपावली पर कटरा बाजार में ट्रैफिक प्लान तैयार, जानिए कहां लगेगा पूजन सामग्री बाजार
दीपावली पर खरीदारी के लिए सागर के कटरा बाजार में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए नगर निगम ने यातायात व्यवस्था सुधारने की तैयारी शुरू कर दी है। निगमायुक्त राजकुमार खत्री ने बाजार का निरीक्षण कर अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए हैं। इस बार कटरा बाजार क्षेत्र में हाथठेले प्रतिबंधित रहेंगे, जबकि दोपहिया वाहनों के लिए अलग पार्किंग बनाई जाएगी। वहीं, दीये, मूर्तियों और रंगोली सहित पूजन सामग्री की दुकानें लगाने के लिए भी स्थान निर्धारित किए गए हैं।
दीपावली के दौरान बाजार में जाम की समस्या से नागरिकों को बचाने के लिए निगमायुक्त राजकुमार खत्री ने नगर निगम और यातायात पुलिस के अधिकारियों के साथ कटरा बाजार का निरीक्षण किया। उन्होंने दुकानों के व्यवस्थित संचालन, पार्किंग और सड़क किनारे कारोबार करने वाले व्यापारियों के लिए निर्धारित स्थान तय करने के निर्देश दिए, ताकि लोग आसानी से खरीदारी कर सकें और आवागमन बाधित न हो।
निर्देशों के मुताबिक, पंडित मोतीलाल नेहरू स्कूल के सामने दीये, मूर्तियों और रंगोली सहित पूजन सामग्री का बाजार लगाया जाएगा। तीनबत्ती से फन्नूसा कुआं तक दोपहिया वाहनों की पार्किंग निर्धारित होगी, जबकि फल विक्रेताओं को विजय टॉकीज मार्ग पर शिफ्ट किया जाएगा। फन्नूसा कुआं से कटरा मस्जिद तक सड़क पर केवल जमीन पर बैठकर दुकान लगाने की व्यवस्था रहेगी।
निगमायुक्त ने स्पष्ट किया कि कटरा बाजार क्षेत्र में हाथठेले प्रतिबंधित रहेंगे। सड़क पर टेबल, पलंग या अन्य सामग्री रखकर कारोबार करने की अनुमति नहीं होगी। व्यापारियों को चिन्हित स्थानों पर प्लॉट आवंटित किए जाएंगे। दुकानों और पार्किंग की सीमाएं तय करने के लिए सड़क पर पेंट से मार्किंग भी कराई जाएगी। निर्देशों का उल्लंघन करने पर संबंधित सामग्री जब्त की जा सकती है।
अधिकारियों को बाजार में अनाउंसमेंट कर व्यापारियों को नई व्यवस्था की जानकारी देने और निर्धारित स्थानों पर ही कारोबार सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं। नगर निगम का उद्देश्य दीपावली पर कटरा बाजार में जाम से राहत दिलाना और खरीदारी करने आने वाले नागरिकों को सुगम आवागमन उपलब्ध कराना है। अब देखना होगा कि नई व्यवस्था लागू होने के बाद बाजार में यातायात कितना व्यवस्थित हो पाता है।