सागर में एसपी के ट्रांसफर के बाद बेख़ौफ़ बदमाश, नकाबपोशों ने आँखों में मिर्ची डालकर की लूट
बीते कुछ महीनों पहले सागर में नए पुलिस कप्तान की आमद हुई। अनुराग सुजानिया ने पदभार ग्रहण करने के बाद अपराधों पर अंकुश लगाया। जिसका नतीजा ये हुआ की गुंडे, बदमाशों और माफियाओं में खौफ पैदा हुआ। लेकिन एसपी के ट्रांसफर के बाद अब अपराधी फिर बेख़ौफ़ नज़र आ रहे हैं। ताजा मामला सागर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है जहां होटल रॉयल पैलेस के पास आँखों में मिर्ची पाउडर डालकर नकाबपोश बदमाशों ने लूट की वारदात की। होटल के गार्डों के चोर मचाने से एक बड़ी घटना होने से टल गयी। शिकायत के बाद पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुट गयी है।
बताया जा रहा है की खाना लेने गए दो युवकों को निशाना बनाते हुए लूट की घटना को अंजाम दिया गया। मामला बुधवार देर रात क़रीब 12 बजे के आस-पास का है। जानकारी के मुताबिक दो युवक राजा राय और बाबू समरेश सिंह खाना लेने गए थे। जहां तीन नकाबपोश बदमाशों ने उन पर हमला बोल दिया। नकाबपोशों ने उनकी आंखों में मिर्ची पाउडर डाल दिया। जिससे दोनों जमीन पर जा गिरे। इसके बाद बदमाशों ने चाकू की नोंक पर युवकों के हाथ से ब्रेसलेट उतार लिया वहीं जेब से करीब 4 हजार रुपए भी छीन लिये।
साथ ही मारपीट भी की गयी। इस दौरान होटल के गार्ड की सूझबूझ से बड़ी वारदात टल गई। शोर सुनकर गार्ड चिल्लाते हुए मौके पर पहुंचे। जिन्हें देख तीनों बदमाश भाग निकले। पीड़ितों की माने तो अगर गार्ड समय पर नहीं आते तो बदमाश चाकू से बड़ी घटना को अंजाम दे सकते थे। घटना के बाद दोनों घायलों को जिला अस्पताल लाया गया था। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज रेफर किया था। पीड़ितों की शिकायत पर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
दरअसल इस घटना के अलावा भी शहर में कई अन्य घटनाएं हुई हैं जिसको लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। ऐसी भी चर्चा है की एसपी अनुराग सुजानिया के जाने से अपराधियों में खौफ ख़त्म हुआ है। क्योंकि अपने कार्यकाल में उन्होंने अपराधों पर अंकुश लगाया था।------