बाइक से जा रहे थे भाई और रिश्तेदार, अज्ञात वाहन से टकराये और दुनिया छोड़ गए, परिवार में मातम
सड़क पर इतना दिल दहला देने वाला हादसा हुआ जिसे देखकर लोग सिहर उठे। अज्ञात भारी वाहन ने बाइक सवारों को ऐसी जोरदार टक्कर मारी की तीनों की दर्दनाक जान चली गयी। उन्हें संभलने या बचने का ज़रा भी मौक़ा नहीं मिला। मृतकों में दो भाई जबकि एक रिश्तेदार शामिल है। भीषण घटना मुरैना जिले के सिविल लाइन थाना क्षेत्र से सामने आई है।
बताया गया की तीनों युवक एक ही बाइक पर सवार होकर मुरैना से अपने गांव हिंगौनाकलां जा रहे थे। तभी घिरौना हनुमान मंदिर से क्वारी नदी के बीच हाईवे पर पीछे से आए अज्ञात भारी वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि दो युवकों की मौके पर ही जान चली गई। जबकि तीसरे ने जिला अस्पताल में इलाज से पहले ही दम तोड़ दिया।
जानकारी के मुताबिक़ हिंगौनाकलां निवासी कल्लू माहौर उम्र 35 साल, उसका छोटा भाई गोपीलाल माहौर, उम्र 28 साल और रिश्तेदार प्रकाश माहौर, उम्र 45 साल मुरैना से अपने गांव लौट रहे थे। शाम के समय हनुमान मंदिर पार करने के बाद क्वारी नदी से पहले हाईवे पर पीछे से आए अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। जिसमें कल्लू माहौर और उसके छोटे भाई गोपीलाल माहौर ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल प्रकाश माहौर को सिविल लाइन थाना पुलिस जिला अस्पताल लेकर पहुंची थी। लेकिन उसे भी नहीं बचाया जा सका।
तीनों युवकों की एक साथ जान जाने से परिवार पर दुखों का पहाड़ तोड़ पड़ा। मामले में सिविल लाइन थाना पुलिस ने अज्ञात वाहन के चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया। वाहन और उसके चालक की तलाश की जा रही है।