पटाखा दुकानों पर प्रशासन का बड़ा एक्शन! 2 दुकानें सील, टिमरनी में 4 लाख के अवैध पटाखे जब्त
दीपावली से पहले पटाखों के सुरक्षित भंडारण और बिक्री को लेकर एमपी के हरदा जिला प्रशासन ने सख्ती तेज कर दी है। गुरुवार को प्रशासनिक टीम ने रहटा खुर्द में कार्रवाई करते हुए फायर सेफ्टी नियमों का पालन नहीं करने पर दो पटाखा दुकानों को सील कर दिया। वहीं, टिमरनी तहसील में रिहायशी इलाकों से करीब चार लाख रुपये के अवैध पटाखे जब्त किए गए हैं। प्रशासन की इस कार्रवाई से पटाखा कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।
पहली कार्रवाई गुरुवार सुबह मगरधा रोड स्थित रहटा खुर्द में की गई। एसडीएम शैलेंद्र बड़ोनिया और एसडीओपी शालिनी परस्ते के नेतृत्व में पहुंची टीम ने एमएच फायर वर्क्स और बाबा फायर वर्क्स का निरीक्षण किया। जांच के दौरान दुकानों में फायर सेफ्टी उपकरणों का अभाव, खुले बिजली के तार और सीसीटीवी बैकअप नहीं होने जैसी गंभीर खामियां सामने आईं। इसके अलावा परिसर में मवेशियों का बाड़ा भी पाया गया। सुरक्षा मानकों की अनदेखी पर प्रशासन ने दोनों दुकानों को सील कर दिया।
वहीं, टिमरनी तहसील में भी प्रशासन ने अवैध पटाखों के भंडारण के खिलाफ कार्रवाई की। एसडीएम असवनराम चिरावन के नेतृत्व में टीम ने दो रिहाइशी इलाकों में दबिश देकर करीब चार लाख रुपये के पटाखे जब्त किए। इससे पहले सिंधी कॉलोनी और रन्हाई क्षेत्र से भी पटाखों का बड़ा स्टॉक पकड़ा जा चुका है। प्रशासन अब यह सुनिश्चित करने में जुटा है कि रिहायशी क्षेत्रों में विस्फोटक सामग्री का अवैध भंडारण न हो।
गौरतलब है कि 6 फरवरी 2024 को बैरागढ़ पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण विस्फोट के बाद से प्रशासन पटाखों के भंडारण और सुरक्षा मानकों को लेकर विशेष सतर्कता बरत रहा है। एसडीएम शैलेंद्र बड़ोनिया ने बताया कि जांच प्रतिवेदन कलेक्टर को भेज दिया गया है और आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
त्योहारी सीजन में किसी भी संभावित हादसे को रोकने के लिए प्रशासन का यह अभियान जारी है। अब देखना होगा कि आने वाले दिनों में जिले के अन्य क्षेत्रों में भी इस तरह की जांच और कार्रवाई क्या रुख लेती है। फिलहाल, प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि सुरक्षा नियमों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।