नो-पार्किंग पर पुलिस का क्रेन एक्शन! निजातपुरा से नई सड़क तक 49 वाहन उठाए, चालान भी काटे
अब सड़क पर बेतरतीब तरीके से वाहन खड़ा करना चालकों को भारी पड़ सकता है। शहर के व्यस्त बाजारों में यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने क्रेन के साथ विशेष अभियान चलाया। एमपी के उज्जैन जिले के निजातपुरा से कंठाल चौराहा और नई सड़क तक नो-पार्किंग में खड़े दोपहिया और चारपहिया वाहनों को क्रेन से उठाया गया। इस दौरान कुल 49 वाहनों पर कार्रवाई की गई और वाहन मालिकों से टोइंग चार्ज के साथ चालान भी वसूले गए।
दरअसल, शहर के प्रमुख बाजारों में सड़क किनारे बेतरतीब पार्किंग के कारण आए दिन यातायात प्रभावित होता है। दुकानों के सामने और सड़क पर वाहन खड़े होने से राहगीरों और अन्य वाहन चालकों को निकलने में परेशानी होती है। इसी समस्या को देखते हुए पुलिस कप्तान के निर्देश पर एएसपी मनोज खत्री के मार्गदर्शन और डीएसपी उमाकांत चौधरी की अगुवाई में यातायात पुलिस की टीम मैदान में उतरी।
अभियान के दौरान निजातपुरा से कंठाल चौराहा होते हुए नई सड़क तक कार्रवाई की गई। थाना प्रभारी राकेश तिवारी, सुदर्शन खरे और सीमा मौर्य की मौजूदगी में पुलिस जवानों ने नो-पार्किंग में खड़े वाहनों को चिन्हित किया। इसके बाद क्रेन की मदद से 49 दोपहिया और चारपहिया वाहनों को उठाकर कार्रवाई की गई। वाहन मालिकों से टोइंग चार्ज वसूलने के साथ चालान भी काटे गए।
यातायात अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सड़कें सुगम आवागमन के लिए हैं, पार्किंग के लिए नहीं। अब शहर के व्यस्त बाजारों में क्रेन से नियमित निगरानी और कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने दुकानदारों और आम नागरिकों से अपील की है कि वे अपने वाहन निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े करें।
उज्जैन यातायात पुलिस का संदेश साफ है—नो-पार्किंग में वाहन खड़ा किया तो क्रेन से गाड़ी उठेगी और जेब भी ढीली होगी। अब देखना होगा कि इस सख्ती से शहर के बाजारों में जाम की समस्या कितनी कम होती है।