SP ऑफिस से 150 मीटर दूर बैंक में पिस्टल लेकर घुसे बदमाश, कैश नहीं मिला तो खाली हाथ भागे
मध्य प्रदेश के शिवपुरी में बेखौफ बदमाशों ने पुलिस महकमे के सुरक्षा इंतजामों को चुनौती देते हुए एसपी बंगले से महज 200 मीटर और एसपी ऑफिस से करीब 150 मीटर दूर स्थित सेंट्रल बैंक में लूट की कोशिश की। गुरुवार रात करीब 8 बजे तीन नकाबपोश बदमाश बाइक से पहुंचे। इनमें से दो पिस्टल लेकर बैंक के अंदर घुसे और कर्मचारियों को गन पॉइंट पर लेकर कैश मांगा। लेकिन बैंक में नकदी नहीं होने की बात सुनकर बदमाश खाली हाथ फरार हो गए। पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है।
शिवपुरी के पोहरी रोड स्थित सेंट्रल बैंक में यह घटना गुरुवार रात की है। बताया जा रहा है कि एक बाइक पर सवार होकर तीन नकाबपोश बदमाश बैंक के बाहर पहुंचे थे। इनमें से दो हथियारबंद बदमाश बैंक के अंदर दाखिल हुए, जबकि तीसरा साथी बाइक पर बाहर खड़ा होकर निगरानी करता रहा। बैंक में घुसते ही दोनों बदमाशों ने पिस्टल निकालकर कर्मचारियों को निशाने पर लिया और कैश की मांग करने लगे।
बैंक कर्मचारियों ने बदमाशों को बताया कि बैंक का कामकाज बंद हो चुका है और कैश मैनेजर अपने साथ ले जा चुके हैं। यह सुनकर बदमाशों के हाथ कुछ नहीं लगा। करीब पांच मिनट तक बैंक के अंदर रहने के बाद दोनों बाहर निकले और अपने तीसरे साथी के साथ बाइक पर बैठकर फरार हो गए।
इस पूरी वारदात का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जिसमें बदमाश बैंक कर्मचारियों को हथियार दिखाकर डराते नजर आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि पिछले 13 दिनों में इसी बैंक को दूसरी बार निशाना बनाया गया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। नकाबपोश होने के कारण आरोपियों की पहचान चुनौती बनी हुई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर उनकी तलाश में जुटी है।
एसपी ऑफिस और एसपी बंगले के इतने नजदीक बैंक में हथियारबंद बदमाशों का पहुंचना कई सवाल खड़े करता है। अब पुलिस के सामने चुनौती है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाए।