शिक्षक अभ्यर्थियों का सड़क पर संग्राम, थालियां बजाकर किया चक्काजाम | SAGAR TV NEWS |
मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में प्राथमिक शिक्षक वर्ग-3 के मेरिट होल्डर अभ्यर्थियों का आंदोलन एक बार फिर तेज हो गया है। नियुक्ति पत्र जारी करने और जॉइनिंग देने की मांग को लेकर अभ्यर्थियों ने बोर्ड ऑफिस चौराहे पर चक्काजाम कर दिया। प्रदर्शन के दौरान किसी ने सड़क पर बैठकर थालियां बजाईं, तो कोई पुलिस की कार्रवाई के विरोध में सड़क पर लेट गया। हालात ऐसे बने कि पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की और खींचतान तक हो गई।
बोर्ड ऑफिस चौराहे पर जुटे शिक्षक अभ्यर्थियों ने अपनी मांगों को लेकर जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर बैठकर थालियां बजाईं और सरकार से जल्द नियुक्ति पत्र जारी करने की मांग की। उनका कहना है कि मेरिट में स्थान पाने के बावजूद अब तक नियुक्ति और जॉइनिंग को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हुई है। इसी नाराजगी के चलते अभ्यर्थियों ने चौराहे पर रास्ता रोककर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
जब पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हटाकर यातायात सुचारू कराने की कोशिश की, तो अभ्यर्थी सड़क पर लेट गए। उन्होंने एक-दूसरे का हाथ पकड़कर रास्ता खुलवाने की कार्रवाई का विरोध किया। इस दौरान पुलिस और अभ्यर्थियों के बीच धक्का-मुक्की और खींचतान भी देखने को मिली। पुलिस ने जब प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेना शुरू किया, तो कुछ अभ्यर्थी राष्ट्रगान गाने लगे। इस घटनाक्रम के चलते चौराहे पर कुछ समय के लिए तनावपूर्ण स्थिति बनी रही।
अभ्यर्थियों ने भर्ती नियमों के क्लॉज-49 और डीएलएड डिग्री से जुड़ी शर्तों पर भी सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि इन नियमों को लेकर स्थिति स्पष्ट की जाए और पात्र अभ्यर्थियों को जल्द नियुक्ति दी जाए। इससे पहले करीब 22 दिन पहले भी अभ्यर्थियों ने एमपी नगर चौराहे पर चार घंटे तक चक्काजाम किया था। बावजूद इसके, अब तक उनकी मांगों पर ठोस फैसला नहीं होने का दावा किया जा रहा है। शिक्षक अभ्यर्थियों ने साफ किया है कि जब तक नियुक्ति पत्र जारी करने और जॉइनिंग को लेकर ठोस निर्णय नहीं होता, उनका आंदोलन जारी रहेगा। अब देखना होगा कि अभ्यर्थियों की मांगों पर सरकार कब तक कोई स्पष्ट फैसला लेती है।