sagar -बीटेक का छात्र बार-बार करियर पर पूंछता था सवाल ,हॉस्टल के स्टोर रूम से आई बुरी खबर
सागर के बहेरिया क्षेत्र स्थित शासकीय इंदिरा गांधी इंजीनियरिंग कॉलेज के हॉस्टल में बीटेक फाइनल ईयर के छात्र की मौत का मामला सामने आया है। रीवा निवासी छात्र विक्रमादित्य उर्फ विक्रम का शव हॉस्टल परिसर के स्टोर रूम में मिला। घटना की जानकारी मिलने के बाद कॉलेज परिसर में हलचल मच गई। फिलहाल छात्र की मौत के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के मुताबिक, विक्रमादित्य बीटेक फाइनल ईयर का छात्र था और कॉलेज के हॉस्टल में रहकर पढ़ाई कर रहा था। बीती रात हॉस्टल के अंदर बने स्टोर रूम में उसकी मौत हो गई। घटना को लेकर उसके रूम पार्टनर आकाश खरोले ने बताया कि विक्रम भविष्य और नौकरी को लेकर चिंतित रहता था। वह अक्सर लोगों से नौकरी के अवसरों और संभावनाओं के बारे में जानकारी लिया करता था।
रूम पार्टनर आकाश के मुताबिक, रात करीब तीन बजे जब वह पानी पीने के लिए उठा, तब विक्रम जाग रहा था। पानी पीने के बाद दोनों फिर सो गए। सुबह जब घटना की जानकारी मिली तो सभी हैरान रह गए। विक्रम मूल रूप से रीवा का रहने वाला था और इंजीनियरिंग की अंतिम वर्ष की पढ़ाई कर रहा था।
फिलहाल विक्रम ने यह कदम क्यों उठाया, इसका कोई ठोस कारण सामने नहीं आया है। नौकरी और भविष्य को लेकर उसकी चिंता की बात रूम पार्टनर ने जरूर बताई है, लेकिन इसे घटना का निश्चित कारण नहीं माना जा सकता। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच के बाद ही छात्र की मौत से जुड़े वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
एक युवा छात्र की इस तरह हुई मौत से कॉलेज और हॉस्टल परिसर में शोक का माहौल है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।