करवाचौथ पर पत्नी ने पति को दान की अपनी किडनी, निभाया पत्नी का फ़र्ज़, बुरे समय में ढाल बनी पत्नी
एक बड़ा ही मशहूर गाना है जिसकी चंद लाइनें कुछ इस तरह हैं तेरा साथ है तो मुझे क्या कमी है अंधेरों से भी मिल रही रौशनी है तेरा साथ है तो...एक तरफ करवाचौथ पर महिलाएं व्रत रखकर अपने पति की लंबी उम्र की कामना कर रही थी। वहीं दूसरी तरफ इस दिन ऐसी पत्नी जिसने अपने पति को अपनी एक किडनी देकर उन्हें नई ज़िंदगी दी। जी हां ये मामला जबलपुर का है ये तस्वीर भी भावुक कर देने वाली है।
जबलपुर की रहने वाली रश्मि गुप्ता ने अपनी एक किडनी दान कर पति को नया जीवन दिया। दरअसल शांतिनगर निवासी रश्मि के पति दीपक गुप्ता लंबे समय से किडनी की गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे। जबलपुर के एक निजी अस्पताल में डॉक्टरों ने सफलतापूर्वक किडनी ट्रांसप्लांट किया। फिलहाल दोनों स्वस्थ बताए जा रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक दीपक गुप्ता काफी समय से किडनी की गंभीर बीमारी से परेशान थे। उनका नियमित रूप से डायलिसिस किया जा रहा था। डॉक्टरों ने इलाज के दौरान किडनी ट्रांसप्लांट की सलाह दी। इस दौरान उनका सहारा बानी उनकी ही हमसफ़र रश्मि, जिन्होंने अपनी एक किडनी दान करने का फैसला किया। जरूरी मेडिकल जांच और प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद अस्पताल में दोनों का ऑपरेशन किया गया। जबलपुर के निजी अस्पताल की नेफ्रोलॉजी और ट्रांसप्लांट यूनिट में विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने किडनी प्रत्यारोपण किया।
ये बात खास इसलिए भी है क्योंकि पत्नी ने पति को करवाचौथ के दिन किडनी दी। कठिन समय में साथ निभाने वाली रश्मि गुप्ता चर्चाओं में बनी हुई हैं। उन्होंने प्रेम,त्याग और समर्पण की मिसाल पेश की है।--