अचानक कार के सामने आ गई यात्री बस, महिला समेत तीन लोग हो गए ख़त्म, बच्ची लड़ रही ज़िंदगी की जंग
बस और कार में इतनी जोरदार भिड़ंत हुई की तीन लोगों की दर्दनाक तरीके से जान चली गई। इस हादसे में 6 साल की बच्ची गंभीर रूप से घायल हुई है। जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जबकि बस का चालक मौके से फरार हो गया था। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले को जांच में लिया। घटना सीधी जिले के चुरहट थाना क्षेत्र के बेहड़ा गांव से सामने आई है। इस दौरान कार का अगला हिस्सा बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया।
बताया जा रहा है की कार सवार महिला बच्ची समेत चार लोग सीधी से सतना तरफ जा रहे थे। तभी बेहड़ा गांव के पास कार की बस से जबरदस्त भिड़ंत हो गयी। मृतकों की पहचान मनोरमा तिवारी 35साल, सुदीप तिवारी 32 साल और आशिल कुमार तिवारी 30 साल के रूप में हुई है। जबकि कार में सवार 6 साल की बच्ची मोहना तिवारी गंभीर रूप से घायल हुई। उसे तत्काल इलाज के लिए चुरहट स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया था।
मिली जानकारी के मुताबिक बस रामपुर नैकिन तरफ से सीधी आ रही थी। इस हादसे में बस सवार यात्री सुरक्षित रहे। उन्हें किसी तरह की चोटें नहीं आई। लेकिन दुर्घटना के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया था। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने राहत और बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। अभी हादसे का कारण साफ़ नहीं है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।-