सागर- नए कलेक्टर का निरीक्षण, किसानों की समस्याओं पर दिए निर्देश, राशन दुकान का किया निरीक्षण
सागर जिले के मालथौन में मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत खंड स्तरीय शिविर आयोजित किया गया। इसमें नवागत कलेक्टर दिलीप यादव ने पदभार ग्रहण करने के बाद पहली बार क्षेत्रीय स्तर पर लोगों की समस्याएं सुनीं। वहीं जिला पंचायत सीईओ जगदीश कुमार गोमे ने शिविर में पहुंचे लोगों के आवेदन लेकर अधिकारियों को समय सीमा में निराकरण के निर्देश दिए। शिविर के बाद जिला पंचायत सीईओ ने शासकीय मॉडल स्कूल और राशन दुकान का निरीक्षण भी किया। इस दौरान किसानों ने खाद, बिजली और ई-टोकन बुकिंग से जुड़ी समस्याएं उठाईं।
मालथौन में आयोजित मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के शिविर में नवागत कलेक्टर दिलीप यादव शामिल हुए। उन्होंने आवेदनों के निराकरण में जिले की प्रगति की जानकारी देते हुए बताया कि जिले में निराकरण का प्रतिशत 89 है और मध्यप्रदेश में जिला पांचवें स्थान पर है। उन्होंने कहा कि प्राप्त आवेदनों की लगातार मॉनिटरिंग की जाती है, इसलिए अधिकारी किसी भी आवेदन को अनावश्यक रूप से लंबित न रखें और नियमानुसार उनका निराकरण सुनिश्चित करें।
शिविर का शुभारंभ जिला पंचायत सीईओ जगदीश कुमार गोमे ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में सरस्वती पूजन और कन्या पूजन के साथ किया। इसके बाद उन्होंने आमजन की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवेदनों का नियमानुसार निराकरण कर एक सप्ताह के भीतर हितग्राहियों को जानकारी देने के निर्देश दिए।
शिविर के बाद जिला पंचायत सीईओ ने शासकीय मॉडल स्कूल का निरीक्षण किया। उन्होंने स्कूल की प्रयोगशाला का जायजा लिया और प्राचार्य तथा शिक्षकों से शैक्षणिक व्यवस्थाओं की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान अनारक्षित वर्ग के विद्यार्थियों के लिए बालक छात्रावास की सुविधा नहीं होने का मुद्दा सामने आया। इस पर विद्यार्थियों के ठहरने की व्यवस्था के लिए संबंधित अधिकारियों को प्रस्ताव तैयार कर भेजने के निर्देश दिए गए।
इसके बाद जिला पंचायत सीईओ ने राशन दुकान का निरीक्षण किया और मौके पर मौजूद उपभोक्ताओं से बातचीत कर राशन वितरण की जानकारी ली। वहीं शिविर में किसानों ने खाद की उपलब्धता, बिजली और ई-टोकन बुकिंग में आ रही परेशानियों को लेकर आवेदन दिए। प्रभारी कलेक्टर ने कृषि विभाग के अधिकारियों को इन समस्याओं पर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। कृषि विभाग के किसान संवाद कार्यक्रम में तीन स्थानीय किसानों ने खेती में किए जा रहे नवाचारों की जानकारी भी साझा की। मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के इस शिविर में आमजन की समस्याओं के साथ शिक्षा, राशन वितरण और कृषि से जुड़े मुद्दे भी सामने आए। अब देखना होगा कि अधिकारियों को दिए गए निर्देशों के बाद किसानों और अन्य हितग्राहियों की समस्याओं का कितनी जल्दी समाधान हो पाता है।