Sagar- नवागत एसपी ने संभाला पदभार, जानिए कौन है पुलिस अधीक्षक संजीव उम्र सिन्हा | SAGAR TV NEWS |
सागर जिले के नवागत पुलिस अधीक्षक के रूप में संजीव कुमार सिन्हा ने पदभार संभाल लिया है, जब आईपीएस संजीव सिन्हा एसपी ऑफिस पहुंचे तो पुलिस के अन्य अधिकारियों के दवरा उनका गुलदस्ता देकर स्वागत किया, एसपी ने शहर के सभी थाना प्रभारियों ने भी मुलाक़ात की, संजीव कुमार सिन्हा सागर से पहले वे 14वीं वाहिनी विशेष सशस्त्र बल, ग्वालियर में सेनानी के पद पर पदस्थ थे, इसके साथ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर का अतिरिक्त प्रभार भी संभाल रहे थे।
संजीव सिंहा ने 01 जुलाई 1996 को मध्यप्रदेश राज्य पुलिस सेवा में उप पुलिस अधीक्षक के रूप में अपनी सेवाएं प्रारंभ की थीं। वर्ष 2016 में भारतीय पुलिस सेवा IPS के रूप में पदोन्नत हुए। मार्च 2017 से मई 2022 तक विशेष पुलिस स्थापना, लोकायुक्त संगठन में पुलिस अधीक्षक के रूप में पदस्थ रहे लगभग तीन दशक से अधिक की अपनी विशिष्ट सेवा अवधि में उन्होंने प्रदेश के विभिन्न जिलों एवं महत्वपूर्ण पुलिस इकाइयों में पदस्थ रहते हुए कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, नक्सल गतिविधियों की निगरानी, भ्रष्टाचार के विरुद्ध कार्रवाई तथा पुलिस बल के नेतृत्व में उल्लेखनीय योगदान दिया है।
अपने सेवाकाल में संजीव सिंहा ने उज्जैन, इन्दौर होशंगाबाद, बिलासपुर, अलीराजपुर, मंडला, उज्जैन, सिंगरौली, धार, डिंडोरी एवं गुना सहित विभिन्न स्थानों पर महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं। प्रारंभिक सेवाकाल में ही उन्होंने कानून-व्यवस्था की चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों एवं गंभीर अपराधों से प्रभावी ढंग से निपटकर अपनी कार्यक्षमता और साहस का परिचय दिया। अलीराजपुर में पदस्थापना के दौरान गोधरा की घटना के बाद उत्पन्न सांप्रदायिक तनावपूर्ण परिस्थितियों को कुशलतापूर्वक संभालते हुए क्षेत्र में शांति एवं सौहार्द बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। नर्मदा बचाओ आंदोलन से जुड़े आंदोलनों के दौरान भी उन्होंने कानून-व्यवस्था का प्रभावी प्रबंधन किया।
संजीव सिंहा के सेवाकाल का एक महत्वपूर्ण अध्याय संयुक्त राष्ट्र शांति मिशन के अंतर्गत लाइबेरिया में उनकी पदस्थापना रही। यहां उन्होंने डिप्टी ऑपरेशंस कोऑर्डिनेटर के रूप में कार्य करते हुए 29 में से 19 संयुक्त राष्ट्र पुलिस स्टेशनों तथा 200 से अधिक अंतरराष्ट्रीय पुलिस अधिकारियों के कार्यों के पर्यवेक्षण की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाई। लाइबेरिया की राष्ट्रीय पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर अंतरराष्ट्रीय स्तर की आधुनिक पुलिसिंग पद्धतियों को लागू करने में भी योगदान दिया। उनके कार्यों की संयुक्त राष्ट्र पुलिस प्रमुख द्वारा सराहना की गई।