BJP की पदयात्रा के दौरान हंगामा! घोटाले का पोस्टर लेकर पहुंचे एक्टिविस्ट, कैलाश विजयवर्गीय के सामने उठाए सवाल
एमपी के इंदौर में भाजपा की ओर से निकाली जा रही लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ पदयात्रा के दौरान उस समय हंगामे की स्थिति बन गई, जब सोशल एक्टिविस्ट प्रह्लाद पांडे अपनी पत्नी के साथ कार्यक्रम में पहुंच गए। उनके हाथ में एक पोस्टर था, जिसमें 30 हजार रुपये के बल्ब और 33 हजार रुपये प्रति लीटर फिनाइल का जिक्र करते हुए जवाब मांगा गया था। वहीं, उनकी पत्नी के हाथ में फिनाइल की बोतल थी। मामला इतना बढ़ा कि पुलिस ने दोनों को हिरासत में ले लिया।
दरअसल, शुक्रवार को इंदौर में भाजपा की पदयात्रा के दौरान मंत्री कैलाश विजयवर्गीय सहित पार्टी के कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद थे। इसी बीच सोशल एक्टिविस्ट प्रह्लाद पांडे अपनी पत्नी के साथ कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे। प्रह्लाद पांडे मंच के सामने हाथ में पोस्टर लेकर खड़े हो गए। पोस्टर पर कथित घोटाले को लेकर सवाल उठाए गए थे। इसमें 30 हजार रुपये के बल्ब और 33 हजार रुपये प्रति लीटर फिनाइल का उल्लेख करते हुए जवाब मांगा गया था।
इस दौरान उनकी पत्नी के हाथ में फिनाइल की बोतल भी दिखाई दी। अचानक हुए इस विरोध प्रदर्शन से कार्यक्रम स्थल पर हलचल मच गई। मंत्री कैलाश विजयवर्गीय की नजर जब प्रह्लाद पांडे पर पड़ी, तो उन्होंने पहले उनके सवालों का जवाब देने की बात कही। हालांकि, कुछ देर बाद उनके निर्देश पर पुलिस ने प्रह्लाद पांडे और उनकी पत्नी को हिरासत में ले लिया।
घटना के दौरान कुछ समय के लिए पदयात्रा स्थल पर हंगामे की स्थिति बनी रही। सोशल एक्टिविस्ट द्वारा उठाए गए सवालों और पोस्टर में लिखे दावों को लेकर अब राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में चर्चा शुरू हो गई है। हालांकि, पोस्टर में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि होना बाकी है।
फिलहाल, भाजपा की पदयात्रा के दौरान हुआ यह विरोध प्रदर्शन चर्चा में है। एक तरफ भाजपा लोकतंत्र बचाने का संदेश लेकर पदयात्रा निकाल रही थी, तो दूसरी तरफ उसी कार्यक्रम में घोटाले के आरोपों को लेकर सवाल उठाए गए। अब देखना होगा कि इन सवालों पर मंत्री की ओर से क्या जवाब सामने आता है।