Sagar- रात में गायों की सुरक्षा के लिए युवाओं की अनोखी पहल, सैकड़ों गौवंश को पहनाई रेडियम बेल्ट !
गौवंश की सुरक्षा और सड़क दुर्घटनाओं में बेजुबान पशुओं की जान बचाने के उद्देश्य से युवा शक्ति संगठन ने सराहनीय पहल की है। सागर जिले के सुरखी विधानसभा क्षेत्र के ग्राम तालचिरी में संगठन के अध्यक्ष आकाश सिंह राजपूत के नेतृत्व में सैकड़ों युवाओं ने गौसेवा अभियान चलाया। इस दौरान सड़कों पर विचरण करने वाली गायों को रेडियम बेल्ट पहनाई गई, ताकि रात के अंधेरे में भी वाहन चालकों को गौवंश दूर से दिखाई दे सके और संभावित दुर्घटनाओं को रोका जा सके।
अक्सर देखा जाता है कि रात के समय सड़कों पर बैठे या विचरण कर रहे गौवंश वाहन चालकों को दिखाई नहीं देते। ऐसे में अचानक सामने आने से गंभीर सड़क हादसे हो जाते हैं। कई बार इन दुर्घटनाओं में बेजुबान पशुओं के साथ वाहन सवार लोगों की जान भी खतरे में पड़ जाती है। इसी समस्या को देखते हुए युवा शक्ति संगठन ने रेडियम बेल्ट लगाने का अभियान शुरू किया है।
रेडियम बेल्ट की खासियत यह है कि वाहन की लाइट पड़ते ही ये चमकने लगती हैं। इससे अंधेरे में भी सड़क पर मौजूद गायों की पहचान करना आसान होगा और वाहन चालकों को समय रहते सावधान होने का मौका मिलेगा। इस अभियान में गौभक्त पंडित नवीन बिहारी महाराज विशेष रूप से मौजूद रहे। उन्होंने युवा शक्ति संगठन की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि गौवंश की रक्षा के लिए युवाओं का आगे आना समाज के लिए प्रेरणादायक है।
इस अवसर पर संगठन अध्यक्ष आकाश सिंह राजपूत ने कहा कि गायों की रक्षा करना हम सभी का नैतिक और सामाजिक दायित्व है। गौसेवा केवल पूजा-अर्चना तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि बेजुबान जीवों की जान बचाने के लिए जमीन पर भी प्रयास होने चाहिए। रेडियम बेल्ट लगाने का उद्देश्य गौवंश के साथ आम नागरिकों को भी सड़क दुर्घटनाओं से सुरक्षित रखना है।
अभियान में भानु यादव, संदीप शुक्ला, रामकुमार सेन, आनंद साहू, सौरव यादव, अमोल यादव सहित सैकड़ों युवा और गौभक्त शामिल हुए। सभी ने गौवंश की सुरक्षा के लिए आगे भी ऐसे अभियान जारी रखने का संकल्प लिया। युवा शक्ति संगठन की यह पहल समाज को संदेश देती है कि सेवा और संवेदना के छोटे-छोटे प्रयास भी किसी बेजुबान की जिंदगी बचाने में बड़ी भूमिका निभा सकते हैं।