दीपावली से पहले पटाखा दुकानों पर प्रशासन की जांच, रातड़िया में अधिकारियों ने परखे सुरक्षा इंतजाम !
दीपावली का त्योहार नजदीक आते ही पटाखों की दुकानों और गोदामों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन अलर्ट हो गया है। एमपी के उज्जैन जिले के घट्टिया क्षेत्र के ग्राम रातड़िया में राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने पटाखों की थोक दुकानों और गोदामों का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने अग्निशमन व्यवस्था से लेकर सुरक्षा के सभी मानकों को परखा और दुकानदारों को जरूरी निर्देश दिए। प्रशासन ने साफ किया कि नियमों का पालन नहीं करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी।
दरअसल, दीपावली के दौरान पटाखों की मांग बढ़ने के साथ ही आगजनी जैसी घटनाओं की आशंका भी बनी रहती है। इसी को देखते हुए घट्टिया प्रशासन ने ग्राम रातड़िया स्थित पटाखों की दुकानों और गोदामों का निरीक्षण किया। संयुक्त जांच के दौरान एसडीएम राजाराम करजरे सहित राजस्व और पुलिस विभाग के अधिकारियों ने सुरक्षा इंतजामों का बारीकी से जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्र में केवल आठ अधिकृत लाइसेंसधारियों को ही पटाखों की थोक और खुदरा बिक्री की अनुमति दी गई है। उन्होंने सभी दुकानदारों को निर्देश दिए कि दुकानों पर रेत से भरी बोरियां, पानी के ड्रम और अग्निशमन यंत्र अनिवार्य रूप से उपलब्ध रहें। इसके अलावा दुकानों और गोदामों के बीच पर्याप्त दूरी रखने तथा निर्धारित सीमा के अनुसार ही पटाखों का स्टॉक रखने के निर्देश भी दिए गए।
वहीं, व्यापारी इब्राहिम ने प्रशासनिक अधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भरोसा दिलाया। उन्होंने बताया कि दुकानों पर रेत और पानी के इंतजाम के साथ ऑटोमेटिक फायर अलर्ट सिस्टम भी लगाए गए हैं, जो आग लगने की स्थिति में अलर्ट देने में मदद करेंगे। व्यापारी के मुताबिक इस बार उत्पादन में कमी के चलते पटाखों की कीमतों में बढ़ोतरी हुई है, हालांकि बाजार में ग्राहकों की मांग बनी हुई है। पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने के लिए दुकान के बाहर पौधरोपण भी किया गया है।
फिलहाल दीपावली को देखते हुए प्रशासन ने पटाखा कारोबारियों को सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन करने की हिदायत दी है, ताकि त्योहार के दौरान किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोका जा सके।