नगर निगम का बड़ा फैसला ! 82 लोगों को मिलेगा 14.82 करोड़ का मुआवजा, 15 करोड़ के कर्ज को मंजूरी
नगर निगम के विशेष सम्मेलन में श्रद्धांजलि से शुरू हुई सदन की कार्यवाही विकास कार्यों और वित्तीय प्रस्तावों पर अहम फैसलों के साथ संपन्न हुई। बैठक में जहां दिवंगत नेताओं और पार्षदों को याद कर दो मिनट का मौन रखा गया, वहीं प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मल्टी निर्माण के लिए 15 करोड़ रुपये का ऋण लेने के प्रस्ताव और लंबे समय से लंबित मुआवजा प्रकरणों को भी मंजूरी दी गई। खास बात यह रही कि पहले 30 करोड़ रुपये के प्रस्ताव को संशोधित कर आधा कर दिया गया।
एमपी।के उज्जैन की नगर निगम सभापति कलावती यादव के अनुसार, सम्मेलन की शुरुआत तीन बार की पार्षद माया त्रिवेदी, पूर्व महापौर एवं दो बार विधायक रहे अखंड और नवनियुक्त एल्डरमैन मधुकर राव के निधन पर शोक व्यक्त करने के साथ हुई। सदन में वक्ताओं ने दिवंगत जनप्रतिनिधियों के योगदान और उनके साथ बिताए पुराने संस्मरण साझा किए। इसके बाद दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी गई। शोक प्रस्ताव के बाद सदन की कार्यवाही आधे घंटे के लिए स्थगित रही।
इसके बाद प्रधानमंत्री आवास योजना की मल्टी के निर्माण के लिए ऋण लेने के प्रस्ताव पर चर्चा हुई। पूर्व में 30 करोड़ रुपये का ऋण लेने के प्रस्ताव में तकनीकी विसंगतियों को दूर करते हुए संशोधन किया गया। अब इसे घटाकर 15 करोड़ रुपये कर दिया गया है। साथ ही अन्य बैंकों से भी फंडिंग के विकल्प खुले रखने का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया गया।
बैठक में सबसे महत्वपूर्ण फैसला लंबे समय से लंबित मुआवजा प्रकरणों को लेकर हुआ। सदन ने मुआवजे से जुड़े 16 महत्वपूर्ण प्रकरणों को मंजूरी दे दी। इसके तहत 82 लाभान्वित नागरिकों को कुल 14 करोड़ 82 लाख 3 हजार 920 रुपये की मुआवजा राशि मिल सकेगी। इस फैसले से लंबे समय से राहत का इंतजार कर रहे प्रभावित नागरिकों को बड़ी राहत मिलने का रास्ता साफ हुआ है।
नगर निगम के इस विशेष सम्मेलन में शोक प्रस्तावों के साथ आवास निर्माण, वित्तीय व्यवस्था और लंबित मुआवजा मामलों पर अहम निर्णय लिए गए।