जनविश्वास शिविर, 31 ग्राम पंचायतों के लोगों की सुनी समस्याएं; 167 का स्वास्थ्य परीक्षण
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के जनविश्वास अभियान के तहत एमपी के उज्जैन जिले के नागदा में जिलास्तरीय जनविश्वास शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विधायक डॉ. तेजबहादुर सिंह चौहान और प्रशासनिक अधिकारियों ने 31 ग्राम पंचायतों से आए लोगों की समस्याएं सुनीं और कई मामलों का मौके पर ही निराकरण किया। राजस्व, पेंशन, आयुष्मान कार्ड और शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़े आवेदनों पर कार्रवाई की गई। वहीं, स्वास्थ्य शिविर में 167 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया और 41 पात्र हितग्राहियों के आयुष्मान कार्ड बनाए गए।
दरअसल, आम नागरिकों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने और उनकी समस्याओं का त्वरित निराकरण करने के उद्देश्य से जनविश्वास अभियान के तहत यह शिविर आयोजित किया गया। इसमें 31 ग्राम पंचायतों से प्राप्त आवेदनों पर सुनवाई की गई। राजस्व, पेंशन, खाद्यान्न पर्ची, आयुष्मान कार्ड और लाड़ली लक्ष्मी योजना सहित विभिन्न योजनाओं से संबंधित प्रकरण अधिकारियों के सामने रखे गए। पात्र हितग्राहियों को लाड़ली लक्ष्मी योजना के आश्वासन प्रमाण-पत्र भी वितरित किए गए। अधिकारियों ने शेष आवेदनों का समय-सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए।
शिविर के दौरान विधायक डॉ. तेजबहादुर सिंह चौहान, एडीएम अतेंद्र सिंह गुर्जर सहित प्रशासनिक अधिकारियों ने नागदा में निर्माणाधीन 60 बिस्तरों वाले चार मंजिला सिविल अस्पताल का निरीक्षण भी किया। अधिकारियों ने अस्पताल के वार्डों और ओपीडी का जायजा लेकर निर्माण कार्य की प्रगति तथा मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी ली। इस दौरान ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण भी किया गया।
वहीं, नागदा में आयोजित स्वास्थ्य शिविर का सीएमएचओ डॉ. विक्रम रघुवंशी ने औचक निरीक्षण किया। शिविर में कुल 167 हितग्राहियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया, जबकि 41 पात्र लोगों के आयुष्मान कार्ड बनाए गए। सीएमएचओ ने अधिकारियों और स्वास्थ्यकर्मियों को निर्देश दिए कि शासन की स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र हितग्राही तक पहुंचाया जाए।
जनविश्वास शिविर के माध्यम से जहां ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान की पहल की गई, वहीं स्वास्थ्य सुविधाओं और निर्माणाधीन अस्पताल की व्यवस्थाओं की समीक्षा भी की गई।