Sagar- तूफान अर्नब का असर ! सामान्य से 7 डिग्री नीचे पहुंचा तापमान, दिन में भी बढ़ी ठंड |SAGAR TV|
बंगाल की खाड़ी से उठे चक्रवाती तूफान अर्नब का असर सागर के मौसम पर दिखाई दे रहा है। लगातार चौथे दिन मौसम का मिजाज बदला हुआ है। सुबह से आसमान में बादल छाए हुए हैं और ठंडी हवाओं के चलते वातावरण में ठंडक बढ़ गई है। हालात यह हैं कि अक्टूबर में सागर का अधिकतम तापमान सामान्य से करीब 7 डिग्री सेल्सियस नीचे पहुंच गया है। दिन में भी लोगों को ठंड का अहसास हो रहा है, वहीं सुबह और शाम गर्म कपड़ों की जरूरत महसूस होने लगी है।
सागर में मौसम का यह बदलाव पिछले कुछ दिनों से लगातार बना हुआ है। शुक्रवार को भी आसमान में बादल छाए रहे और ठंडी हवाओं के साथ कहीं-कहीं फुहारें पड़ीं। शाम होते-होते वातावरण में धुंध छा गई। धूप नहीं निकलने और ठंडी हवाओं के कारण दिन के समय भी लोगों को सर्दी का अहसास हुआ। शनिवार सुबह भी मौसम का यही मिजाज देखने को मिला। आसमान में बादलों की आवाजाही और हवाओं ने वातावरण को ठंडा बनाए रखा।
मौसम में आए इस बदलाव का सीधा असर तापमान पर पड़ा है। सागर का अधिकतम तापमान करीब 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो अक्टूबर के सामान्य तापमान से लगभग 7 डिग्री कम है। वहीं न्यूनतम तापमान में भी गिरावट आई है और रात का पारा 18.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। आंकड़ों पर नजर डालें तो बुधवार को अधिकतम तापमान 32.8 डिग्री था, जो गुरुवार को गिरकर 23.9 और शुक्रवार को 24 डिग्री पर आ गया।
हालांकि मौसम विभाग के अनुसार चक्रवाती तूफान अर्नब अब कमजोर पड़ गया है। शनिवार से बादलों की आवाजाही और बारिश की गतिविधियों में कमी आने की संभावना है। अगले तीन दिनों तक तापमान में किसी बड़े बदलाव का अनुमान नहीं है। फिलहाल मौसम विभाग ने कोई चेतावनी जारी नहीं की है, लेकिन स्थानीय स्तर पर कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ हल्की बौछारें पड़ सकती हैं। फिलहाल सागर में बदले मौसम ने लोगों को अक्टूबर में ही ठंड का एहसास करा दिया है। अब देखना होगा कि आने वाले दिनों में आसमान साफ होने के साथ तापमान में कितनी बढ़ोतरी होती है।