Sagar- फर्जी सर्टिफिकेट से लिए दो सरकारी टेंडर! EOW ने ठेकेदार और कंस्ट्रक्शन फर्म पर दर्ज की FIR
सरकारी ठेके हासिल करने के लिए फर्जी दस्तावेजों के इस्तेमाल का मामला सामने आया है। सागर जिले के आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ यानी EOW की सागर इकाई ने दमोह के एक ठेकेदार और उसकी कंस्ट्रक्शन फर्म के खिलाफ धोखाधड़ी सहित अन्य धाराओं में एफआईआर दर्ज की है। आरोप है कि छतरपुर के लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन यंत्री के नाम से फर्जी अनुभव प्रमाण पत्र तैयार कराया गया और इसी दस्तावेज के आधार पर निवाड़ी जिले में दो सरकारी टेंडर हासिल कर लिए गए। शिकायत मिलने के बाद सागर जिले के EOW ने जांच की, जिसमें अनुभव प्रमाण पत्र कूटरचित पाया गया।
दरअसल, दमोह निवासी रोहित बरोलिया ने इस मामले की शिकायत आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ से की थी। शिकायत के आधार पर EOW की सागर इकाई ने जांच शुरू की। जांच में सामने आया कि जय मां अम्बे कंस्ट्रक्शन के प्रोपराइटर लखन प्रसाद कुर्मी ने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, खंड छतरपुर के कार्यपालन यंत्री के नाम से कथित तौर पर फर्जी अनुभव प्रमाण पत्र तैयार कराया था। इस प्रमाण पत्र में हैंडपंप में फंसी पाइपलाइन निकालने का कार्य करने का अनुभव दर्शाया गया था।
आरोप है कि ठेकेदार ने इसी अनुभव प्रमाण पत्र को निवाड़ी जिले के लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग में प्रस्तुत कर दो सरकारी टेंडर हासिल किए। हालांकि, शिकायत के बाद जब EOW ने दस्तावेजों की जांच की तो अनुभव प्रमाण पत्र फर्जी पाया गया। इसके बाद जांच एजेंसी ने संबंधित ठेकेदार और उसकी फर्म के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू की।
EOW निरीक्षक आदेश कुमार जैन के मुताबिक, मामले में ठेकेदार लखनलाल कुर्मी निवासी ग्राम सीतानगर, जिला दमोह और उनकी फर्म जय मां अम्बे कंस्ट्रक्शन के खिलाफ धोखाधड़ी सहित अन्य धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई है। फिलहाल मामले की विस्तृत जांच जारी है। जांच के दौरान यदि अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आती है तो उनके खिलाफ भी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। सरकारी टेंडर हासिल करने के लिए फर्जी अनुभव प्रमाण पत्र के इस्तेमाल का यह मामला अब जांच के दायरे में है। EOW की आगे की जांच में इस पूरे मामले से जुड़े और भी तथ्य सामने आने की उम्मीद है।