मिठाई की दुकान पर प्रशासन का छापा! 55 किलो संदिग्ध मावा जब्त, लैब भेजे गए सैंपल | SAGAR TV NEWS |
त्योहारों और शादी समारोहों के सीजन में मिठाइयों की मांग बढ़ते ही मिलावटखोर भी सक्रिय हो गए हैं। लोगों की सेहत से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ एमपी के सागर संभाग के छतरपुर जिले के नौगांव में प्रशासन ने कार्रवाई की है। एसडीएम के निर्देश पर खाद्य विभाग और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने शांति स्वीट मिष्ठान दुकान पर छापा मारा। यहां से करीब 55 किलो संदिग्ध मावा बरामद कर जब्त किया गया है। खाद्य विभाग ने मावे के सैंपल लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे हैं। अब लैब रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
दरअसल, इन दिनों त्योहारों के साथ शादी समारोहों का सीजन भी चल रहा है। ऐसे में बाजारों में मावा और उससे तैयार होने वाली मिठाइयों की मांग तेजी से बढ़ रही है। इसी का फायदा उठाकर कुछ कारोबारी ज्यादा मुनाफा कमाने के लिए खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता से समझौता करते हैं। इसी आशंका को देखते हुए प्रशासन ने नौगांव में खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच शुरू की है।
इसी क्रम में खाद्य विभाग और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम शांति स्वीट मिष्ठान दुकान पहुंची। अचानक हुई कार्रवाई से दुकान में हड़कंप मच गया। अधिकारियों ने दुकान में रखे मावे और अन्य खाद्य सामग्री की जांच की। इस दौरान करीब 55 किलो संदिग्ध मावा मिला, जिसे टीम ने जब्त कर लिया। खाद्य विभाग ने नियमानुसार मावे के नमूने भी लिए और उन्हें जांच के लिए लैब भेज दिया है।
फूड इंस्पेक्टर वंदना जैन के अनुसार, मावे की गुणवत्ता और उसमें मिलावट की वास्तविक स्थिति जांच रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट होगी। रिपोर्ट के आधार पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत संबंधित दुकानदार के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन का कहना है कि आम लोगों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। त्योहारों के दौरान मिठाइयों की खरीदारी करते समय लोगों को भी सावधानी बरतने की जरूरत है। फिलहाल 55 किलो मावा जब्त होने के बाद अब सभी की नजरें लैब रिपोर्ट पर टिकी हैं। प्रशासन ने आगे भी इस तरह की जांच और कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।