Sagar - मेडिकल कॉलेजों में शुरू हो चुकी एसीपी स्कीम लागू कराने bmc में डॉक्टरों ने 1 घंटे रोका काम
सागर के बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज की मेडिकल टीचर्स एसोसिएशन ने डायनेमिक एश्योर्ड कॅरियर प्रमोशन स्कीम अर्थात चयन वेतनमान की मांग के साथ 1 घंटे की कलम बंद हड़ताल शुक्रवार को की। अस्पताल मुख्य द्वार पर प्रदर्शन किया। यह योजना प्रदेश के अन्य मेडिकल कॉलेजों इंदौर, भोपाल, ग्वालियर में लागू हो चुकी है। डॉक्टरों का वेतन दो गुना तक हो चुका है।
बीएमसी में प्रदर्शन के दौरान एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रो डॉ सर्वेश जैन ने बताया कि 2023 में जब मध्य प्रदेश में शिवराज सिंह की सरकार थी तब कैबिनेट द्वारा अप्रूव किया हुआ निर्णय आज तक लागू क्यों नहीं किया गया। डॉ. जैन ने डीन ऑफिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। कहा कि डीन ऑफिस में काम करने वाले लिपिक सहयोग नहीं कर रहे हैं। वे टालते रहते हैं। इससे संबंधित कोई काम नहीं करते हैं। मौके पर उपस्थित सभी वरिष्ठ और कनिष्ठ डॉक्टर्स में आक्रोश में देखा गया। संघ के सचिव डॉ. राकेश माहौर द्वारा बताया गया कि नाम के लिए एमटीए के ही वरिष्ठ सदस्यों की एक समिति बना दी गई है लेकिन काम कुछ नहीं हो पा रहा है। आगे आंदोलन को और ज्यादा उग्र करने की निर्णय लिया गया। यदि एक सप्ताह में समस्त फैकल्टी को उक्त चयन वेतनमान नहीं मिलता है तो सागर के सभी मेडिकल टीचर्स एक दिन का सामूहिक अवकाश लेंगे।
स्कीम को लागू कराने के लिए समिति बना दी गई है लेकिन कार्यालय में काम कर रहे लिपिक बैठकों के मिनिट्स एवं नोटशीट तैयार नहीं करते हैं। कौन डॉक्टर कब से पदस्थ है उसकी सूची तक नहीं बनाई जा रही है। माना जा रहा है कि लिपिक को इस काम को टालने के लिए अघोषित रूप से कहा गया है, इस कारण डॉक्टरों में ज्यादा गुस्सा है। प्रदेश के अन्य मेडिकल कॉलेजों में इस योजना को लागू भी कर दिया है। मेडिकल कॉलेज के डॉक्टर पिछड़ रहे हैं। प्रत्येक डॉक्टर का वेतन करीब-करीब दो गुना हो सकता है। यह जब भी लागू होगा शासन को एरियर देना होगा