सागर- राहतगढ़ में खेत में बैग के अंदर मिला नवजात बच्ची का शव, किसने फेंका मासूम को ? | SAGAR TV NEWS
जिस मासूम को जन्म के बाद मां की गोद में सुरक्षित होना चाहिए था, उसे एक बैग में बंद कर खेत में छोड़ दिया गया। सागर जिले के राहतगढ़ से इंसानियत को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। ग्राम टेहरा टेहरी में रम झिरिया मंदिर के पास एक खेत में बैग के अंदर नवजात बच्ची का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की। आखिर इस मासूम को खेत में कौन छोड़ गया? क्या इसके पीछे कोई मजबूरी थी या फिर किसी ने जानबूझकर इस तरह का कदम उठाया? फिलहाल इन सवालों के जवाब तलाशे जा रहे हैं।
दरअसल, यह पूरा मामला राहतगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम टेहरा टेहरी का है। यहां शंकर शर्मा के खेत में एक संदिग्ध बैग पड़ा हुआ था। जब इसकी जानकारी खेत मालिक को लगी तो उन्होंने तत्काल गांव के कोटवार को सूचना दी। कोटवार मौके पर पहुंचे और बैग खोलकर देखा तो उसके अंदर नवजात बच्ची का शव मिला। यह दृश्य देखकर गांव में हड़कंप मच गया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही राहतगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने नवजात बच्ची के शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की। उपलब्ध जानकारी के अनुसार बाद में शव को दफना दिया गया। हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि बच्ची को खेत में किसने छोड़ा और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई।
इस घटना ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर वह कौन है, जिसने जन्म के बाद इस नवजात को खेत में छोड़ दिया? क्या बच्ची को किसी सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने की कोशिश नहीं की जा सकती थी? फिलहाल बच्ची की पहचान, उसे वहां छोड़ने वाले व्यक्ति और मौत के कारणों का पता लगाना पुलिस के लिए अहम है। एक मासूम जिंदगी दुनिया में आने के बाद इस तरह खत्म हो गई। अब जरूरत है कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच करे और घटना के पीछे की पूरी सच्चाई सामने लाए, ताकि जिम्मेदार व्यक्ति की पहचान कर कानूनी कार्रवाई की जा सके।