दीपावली मेले में 50 लाख की कमाई, दुकान के नाम पर 25 हजार लेने के आरोप से मचा हंगामा!
नगर पालिका के 10 दिवसीय पारंपरिक दीपावली मेले में इस बार करीब 50 लाख रुपये की आय होने का अनुमान है, लेकिन मेले की कमाई के साथ दुकान आवंटन को लेकर विवाद भी खड़ा हो गया है। एमपी के सागर संभाग के छतरपुर जिले के पार्षद प्रतिनिधि सुरेंद्र साहू ने नगर पालिका के एक इंजीनियर पर दुकान दिलाने के नाम पर 20 से 25 हजार रुपये लेने का आरोप लगाया है। आरोपों के बाद नगर पालिका में हंगामा मच गया। वहीं इंजीनियर ने मीडिया के सामने आकर आरोपों को बेबुनियाद बताया है। अब इस पूरे मामले में नगर पालिका की सफाई भी सामने आई है।
दरअसल, नगर पालिका द्वारा हर साल की तरह इस बार भी जल विहार ग्राउंड में 10 दिवसीय पारंपरिक दीपावली मेले का आयोजन किया जा रहा है। इस बार मेले से करीब 50 लाख रुपये की आय होने का अनुमान है। इसमें अकेले झूलों की निविदा से 45 लाख रुपये मिले हैं, जबकि दुकानों से करीब साढ़े तीन से चार लाख रुपये की आय होने की उम्मीद है। पार्किंग से भी नगर पालिका को राजस्व मिलेगा।
मेले में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी विशेष इंतजाम किए गए हैं। झूलों के पास 25 फीट, बीच में 20 फीट और दुकानों के अंदर 15 फीट की सड़क छोड़ी गई है, ताकि आपात स्थिति में फायर ब्रिगेड आसानी से पहुंच सके। वहीं सांस्कृतिक कार्यक्रमों पर करीब 10 लाख और अन्य व्यवस्थाओं पर 5 लाख रुपये खर्च होने का अनुमान है। स्थानीय व्यापारियों को प्राथमिकता देते हुए पुराने दुकानदारों को रसीद और सूची के आधार पर दुकानें आवंटित की जा रही हैं।
इसी बीच दुकान आवंटन के नाम पर पैसे लेने के आरोपों ने विवाद खड़ा कर दिया। पार्षद प्रतिनिधि सुरेंद्र साहू ने इंजीनियर पर 20 से 25 हजार रुपये लेने का आरोप लगाया। जवाब में इंजीनियर गोकुल प्रजापति ने कहा कि दुकान आवंटन उनके द्वारा नहीं किया गया, बल्कि 26 तारीख को लॉटरी प्रक्रिया हुई थी और रसीद नगर पालिका द्वारा ही काटी जाती है। उन्होंने आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि यदि किसी बिचौलिए ने दुकानदार से पैसे लिए हैं तो सामने आकर शिकायत करे। मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। वहीं सीएमओ माधुरी शर्मा ने भी मेले की आय, खर्च और दुकान आवंटन को लेकर नगर पालिका का पक्ष रखा है। फिलहाल दुकान आवंटन के नाम पर कथित वसूली के आरोपों ने मेले की व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं।