सागर-बहरोल मार्ग पर सड़क किनारे दिखा तेंदुआ, राहगीरों ने बनाया वीडियो, गांव वाले सावधान रहे
सागर जिले में बेहतर जैव विविधता और अनुकूल वन क्षेत्र के चलते वन्य प्राणियों को अच्छा रहवास मिल रहा है। हालांकि, जब यही वन्यजीव आबादी वाले इलाकों या मुख्य सड़कों के आसपास नजर आते हैं तो लोगों में दहशत का माहौल बन जाता है। ऐसा ही नजारा सागर-बहरोल मार्ग पर धामोनी के पास बीती रात देखने को मिला, जहां सड़क किनारे एक तेंदुआ दिखाई दिया।
बताया जा रहा है कि सागर से चार दोस्त फोर व्हीलर से अपने घर लौट रहे थे। घर पहुंचने से कुछ दूरी पहले उनकी नजर सड़क किनारे मौजूद तेंदुए पर पड़ी। अचानक तेंदुआ सामने दिखाई देने पर उन्होंने वाहन रोक दिया। इसके बाद मोबाइल फोन से तेंदुए का वीडियो बनाया गया। अब यही वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
तेंदुए की मौजूदगी की जानकारी सामने आने के बाद आसपास के ग्रामीणों में भी चिंता बढ़ गई है। जिस स्थान के आसपास तेंदुआ दिखाई दिया, वहां करीब आधा दर्जन बड़े गांव स्थित हैं और ग्रामीणों का दिन-रात इस मार्ग से आना-जाना लगा रहता है।
ऐसे में रात के समय इस मार्ग से गुजरने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी जा रही है। ग्रामीणों से कहा गया है कि वे अकेले सुनसान रास्तों पर जाने से बचें और तेंदुआ दिखाई देने पर उसके करीब जाने या उसे घेरने की कोशिश न करें।