सागर- सरदार पटेल की जयंती पर सागर में दौड़ी एकता की दौड़, सांसद-कलेक्टर ने दिखाई हरी झंडी!
लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती और राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर सागर में एकता का उत्साह देखने को मिला। शहर में ‘रन फॉर यूनिटी’ का आयोजन किया गया, जिसमें युवा, बुजुर्ग, जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और स्कूली विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। सांसद डॉ. लता वानखेड़े, महापौर संगीता तिवारी, कलेक्टर दिलीप कुमार यादव और भाजपा जिला अध्यक्ष श्याम तिवारी ने हरी झंडी दिखाकर यूनिटी रन को रवाना किया। इस दौरान कलेक्टर ने सभी को राष्ट्रीय एकता और अखंडता बनाए रखने की शपथ भी दिलाई।
दरअसल, राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता के प्रति लोगों को जागरूक करना था। कार्यक्रम की शुरुआत में कलेक्टर दिलीप कुमार यादव ने उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों और नागरिकों को राष्ट्र की एकता एवं अखंडता बनाए रखने की शपथ दिलाई। उन्होंने सभी से देश की आंतरिक सुरक्षा के प्रति सजग और प्रतिबद्ध रहने का आह्वान किया।
इस अवसर पर सांसद डॉ. लता वानखेड़े ने सरदार वल्लभभाई पटेल के योगदान को याद करते हुए कहा कि स्वतंत्रता के समय देश 565 से अधिक रियासतों में बंटा हुआ था। सरदार पटेल ने अपने दृढ़ संकल्प और कुशल नेतृत्व से इन रियासतों का एकीकरण कर अखंड भारत के निर्माण में ऐतिहासिक भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल के विचार और आदर्श आज भी देश की एकता और मजबूती के लिए प्रेरणा देते हैं। हमें उनके आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करने का संकल्प लेना चाहिए।
यूनिटी रन में बड़ी संख्या में युवाओं और विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ भाग लिया। इस दौरान देश की एकता और अखंडता का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में नगर निगम आयुक्त राजकुमार खत्री, अपर कलेक्टर अविनाश रावत, सिटी मजिस्ट्रेट शैलेष द्विवेदी, एसडीएम रोहित वर्मा, जिला शिक्षा अधिकारी अरविंद जैन, जिला परियोजना समन्वयक गिरीश मिश्रा सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी और भूतपूर्व सैनिक मौजूद रहे। सरदार पटेल की जयंती पर आयोजित यह यूनिटी रन केवल एक दौड़ नहीं, बल्कि देश की एकता, अखंडता और भाईचारे को मजबूत बनाए रखने का सामूहिक संकल्प बनी।