सागर- इंदिरा गांधी की पुण्यतिथि पर कांग्रेस का सेवा संकल्प, सरदार पटेल को नमन कर मरीजों को बांटे फल
पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय इंदिरा गांधी की पुण्यतिथि और लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर सागर में जिला शहर कांग्रेस कमेटी ने सेवा और श्रद्धांजलि का कार्यक्रम आयोजित किया। जिला शहर कांग्रेस अध्यक्ष महेश जाटव के नेतृत्व में जिला चिकित्सालय में मरीजों को फल वितरित किए गए। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने दोनों महान विभूतियों के चित्रों पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया और उनके योगदान को याद करते हुए सेवा, एकता और राष्ट्रहित के संकल्प को आगे बढ़ाने की बात कही।
कार्यक्रम के दौरान जिला शहर कांग्रेस अध्यक्ष महेश जाटव ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने देश की एकता और अखंडता को मजबूत करने में ऐतिहासिक भूमिका निभाई, वहीं इंदिरा गांधी ने अपने साहसिक निर्णयों से देश को नई पहचान दिलाई। उन्होंने इंदिरा गांधी के जीवन का उल्लेख करते हुए कहा कि बचपन से ही उनमें देशसेवा की भावना थी। वानर सेना के गठन से लेकर प्रधानमंत्री बनने तक उनका जीवन संघर्ष और नेतृत्व का उदाहरण रहा। उन्होंने बैंकों का राष्ट्रीयकरण, गरीबी हटाओ अभियान और हरित क्रांति जैसे महत्वपूर्ण फैसलों को भी याद किया।
वहीं ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष नरेंद्र मिश्रा ने कहा कि इंदिरा गांधी केवल एक प्रधानमंत्री नहीं, बल्कि एक मजबूत विचार और दृढ़ नेतृत्व का प्रतीक थीं। उन्होंने 1971 के युद्ध, बांग्लादेश के निर्माण और पोखरण परमाणु परीक्षण का उल्लेख करते हुए उनके योगदान को याद किया। साथ ही सरदार पटेल द्वारा 562 रियासतों के एकीकरण को अखंड भारत के निर्माण की ऐतिहासिक उपलब्धि बताया।
कार्यक्रम के अंत में दोनों महान विभूतियों के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई। इसके बाद जिला अस्पताल में भर्ती मरीजों को फल वितरित किए गए और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की गई। इस दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि महापुरुषों को सच्ची श्रद्धांजलि उनके आदर्शों पर चलकर समाजसेवा और जरूरतमंदों की मदद करने में है। इसी उद्देश्य से सेवा संकल्प के साथ यह आयोजन किया गया।