हरदीप सिंह पुरी ने भरा राज्यसभा का पर्चा, 30 चुनाव लड़ चुके निर्दलीय कांते सयन्ना की भी एंट्री!
मध्यप्रदेश में राज्यसभा चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। भाजपा के राज्यसभा प्रत्याशी और केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में विधानसभा पहुंचकर अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। वहीं इस चुनाव में निर्दलीय उम्मीदवारों की एंट्री ने मुकाबले को दिलचस्प बना दिया है। हैदराबाद से आए पब्लिक नेता कांते सयन्ना ने भी मध्यप्रदेश से राज्यसभा चुनाव लड़ने के लिए नामांकन का पहला सेट दाखिल किया है। उन्होंने दावा किया है कि उनके संपर्क में भाजपा और कांग्रेस के कई विधायक हैं।
दरअसल, मध्यप्रदेश में राज्यसभा निर्वाचन की प्रक्रिया जारी है। इसी क्रम में भाजपा प्रत्याशी एवं केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने विधानसभा पहुंचकर अपना नामांकन दाखिल किया। इस दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने उनका स्वागत करते हुए कहा कि केंद्रीय मंत्री रहते हुए हरदीप सिंह पुरी ने मध्यप्रदेश को कई महत्वपूर्ण सौगातें दी हैं। बीना रिफाइनरी और स्मार्ट सिटी मिशन जैसी परियोजनाओं में उनका विशेष योगदान रहा है। उनके अनुभव का लाभ प्रदेश को आगे भी मिलता रहेगा।
वहीं दूसरी ओर राज्यसभा चुनाव में निर्दलीय उम्मीदवारों की मौजूदगी ने भी राजनीतिक हलचल बढ़ा दी है। बैतूल के एक अतिथि शिक्षक के बाद अब तेलंगाना के हैदराबाद निवासी कांते सयन्ना ने भी मध्यप्रदेश से नामांकन फॉर्म लेकर अपना पहला सेट दाखिल किया है। उनका कहना है कि वे बी-फॉर्म जमा करने की प्रक्रिया तक विधायकों का समर्थन जुटाने का प्रयास करेंगे। कांते सयन्ना ने दावा किया कि भाजपा और कांग्रेस के कई विधायक उनके संपर्क में हैं। उन्होंने बताया कि वे अब तक निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में सांसद, विधायक, एमएलसी और उपराष्ट्रपति सहित करीब 30 चुनाव लड़ चुके हैं। उनका कहना है कि देश की व्यवस्था में बदलाव लाने के उद्देश्य से वे लगातार चुनावी मैदान में उतरते रहे हैं। उन्होंने कहा कि मैदान में उतरने से पहले ही हार मान लेना सही नहीं है। फिलहाल हरदीप सिंह पुरी के नामांकन के साथ मध्यप्रदेश में राज्यसभा चुनाव की तस्वीर दिलचस्प होती जा रही है। अब सबकी नजरें नामांकन की अंतिम प्रक्रिया और उम्मीदवारों को मिलने वाले विधायकों के समर्थन पर टिकी हैं।