खाद्य विभाग ने छापा मारकर पकड़ा बड़ा खेल, 1740 किलो मिलावटी मिल्क केक और 120 किलो मावा जब्त
खाद्य विभाग की टीम ने छापा मारकर एक बड़े खेल को पकड़ा है। दूसरे राज्य में भेजे रहे 1740 किलो मिलावटी मिल्क केक और 120 किलो मावे को जब्त किया गया। बताया जा रहा है मिल्क केक को 58 पेटियों में भरा गया था। मिलावट का ये गंभीर मामला मुरैना जिले से सामने आया है। मिलावटी मावा और मिल्क केक की खेप दूसरे राज्यों में भेजने की तैयारी थी। लेकिन जिला प्रशासन की टीम ने छापामार कार्रवाई करते हुए 1860 किलो मिलावटी मिठाईयाँ और दुग्ध उत्पाद जब्त किए। मौके पर की गई प्राथमिक जांच में दोनों उत्पादों में स्टार्च और न्यूट्रीलाइजर की मौजूदगी मिली है। यह खेप छत्तीसगढ़ के बिलासपुर भेजी जा रही थी।
करीब तीन दिन पहले ही मुरैना से भोपाल भेजा जा रहा मिलावटी मावा रेलवे स्टेशन पर पकड़ा गया था। इसके बाद शासन स्तर से कार्रवाई के निर्देश दिए गए। कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड़ ने मिलावटखोरों के खिलाफ कार्रवाई के लिए विशेष टीम गठित की।
इसी बीच डिप्टी कलेक्टर उमेश अवस्थी को सूचना मिली कि शहर के अंबाह बायपास स्थित इमलिया रोड से मिलावटी मावा और मिल्क केक दूसरे शहरों में भेजा जा रहा है। जिस पर तत्काल डिप्टी कलेक्टर खाद्य विभाग और पुलिस टीम के साथ एक निजी गार्डन पहुंचे। जहां मिनी लोडिंग वाहन से मावा और मिल्क केक को आयसर में लोड किया जा रहा था। जिसे टीम ने जब्त करते हुए पूछताछ की। जहां यह माल अभिजीत डंडौतिया और शिवदयाल शर्मा नाम के सगे भाइयों का होना पाया गया है। दोनों श्री सांवरिया नाम से फर्म संचालित करते हैं।
मौके पर मौजूद अभिजीत डंडौतिया ने अधिकारियों को बताया कि उनका प्लांट मैरिज गार्डन से करीब आधा किलोमीटर दूर है। वहीं मावा और मिल्क केक तैयार किया जाता है मैरिज गार्डन से गाड़ियों में लोड कर दूसरे शहरों में भेजा जाता है। टीम ने चलित लैब को मौके पर बुलाया और रैपिड टेस्ट किट से जांच कराई। जहां दोनों पदार्थों में स्टार्च और न्यूट्रीलाइजर की मौजूदगी पाई गयी। फिलहाल टीम ने दोनों उत्पादों को जब्त करते हुए इनके सैंपल जांच के लिए भोपाल लैब भेजे हैं। हैरानी की बात ये है की मुरैना से छत्तीसगढ़ के बिलासपुर की दूरी करीब 880 किलोमीटर है। प्रशासन बिलासपुर प्रशासन से संपर्क कर इन लोगों और माल की सप्लाई के नेटवर्क की जानकारी जुटा रहा है।--