फिल्म पुष्पा की तर्ज पर तस्करी, 4.35 करोड़ का गांजा जब्त, पेंट के डिब्बों में छिपाकर रखा था गांजा
मशहूर फिल्म पुष्पा की तर्ज पर गांजे की तस्करी की जा रही थी। लेकिन पुलिस ने इस नेटवर्क का भंडाफोड़ कर दिया। बड़े नेटवर्क का खुलासा करते हुए 871 किलो 95 ग्राम गांजा जब्त किया। जिसकी अनुमानित कीमत 4 करोड़ 35 लाख 55 हजार रुपए बताई जा रही है दिलचस्प बात ये है की गांजे को पेंट के डिब्बों में छिपाकर लेकर जा रहे थे। मामले में जबलपुर पुलिस ने पर्दाफाश किया। साथ ही यूपी और पश्चिम बंगाल के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने कंटेनर में रखे 412 पेंट के डिब्बे और गांजा परिवहन में इस्तेमाल कंटेनर भी जब्त किया।
जबलपुर एसपी संपत उपाध्याय ने मामले का खुलासा कर जानकारी देते हुए बताया की गोसलपुर थाना क्षेत्र में मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक कंटेनर में गांजे की तस्करी की जा रही है जिस पर क्राइम ब्रांच और गोसलपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने एनएच-30 पर मुस्करा मोड़ के पास संदिग्ध कंटेनर को देखा। उसका पीछा कर मोहतरा टोल के पास घेराबंदी कर रोका। उसमें सवार दोनों लोग भागने लगे जिन्हे पुलिस ने दबोच लिया। चालक की पहचान धर्मवीर सिंह निवासी अलीगढ़ उत्तर प्रदेश और विक्रम करमाकर निवासी दक्षिण दिनाजपुर, पश्चिम बंगाल के रूप में हुई। कंटेनर की तलाशी लेने पर उसमें 412 पेंट के डिब्बों के साथ 28 बोरियां मिलीं। जिनमें गांजे के पैकेट रखे थे।
कंटेनर चालक धर्मवीर सिंह ने पुलिस को बताया की वह विक्रम के साथ 18 अक्टूबर को विशाखापट्टनम से माल लेकर निकला था। 19 अक्टूबर को उसे अंबाला पहुंचना था। तभी उसे मध्य प्रदेश में गांजे की खेप पहुंचाने प्रभात साहू का फोन आया। वह पहले भी कई बार एमपी आ चुका है उसे एक खेप के एक लाख रुपए मिलते थे। गांजे को मैहर पहुंचाने के निर्देश थे।
बताया गया की कार्रवाई के दौरान उत्तर प्रदेश के झांसी की नारकोटिक्स विंग की टीम भी मौके पर पहुंची थी। संयुक्त टीम ने एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों के तहत कार्रवाई कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। फिलहाल पुलिस गांजे की सप्लाई करने वाले प्रभात साहू और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है।------