अवैध हथि यार बनाने और सप्लाई करने वाला आरोपी गिरफ्तार, 10 पिस्टल और कट्टे जब्त, उपकरण भी मिले
पुलिस टीम ने कार्यवाई करते हुए अवैध हथियारों के साथ सिकलीगर को गिरफ्तार किया है साथ ही हथियार बनाने के उपकरण भी जब्त किये गए हैं। आरोपी ने कई लोगों को पिस्टल और कट्टे सप्लाई किये। इस बात का खुलासा पूछताछ में हुआ है। फिलहाल पुलिस इस पूरे नेटवर्क की जांच में जुट गयी है। मामला एमपी के खंडवा जिले का है।
जानकारी के मुताबिक अवैध हथियारों के निर्माण और तस्करी के खिलाफ सिटी कोतवाली पुलिस ने एक सिकलीगर को गिरफ्तार किया। जिसके कब्जे से 10 अवैध कट्टे और पिस्टल के अलावा हथियार बनाने के उपकरण भी जब्त किए गए। जांच में आरोपी द्वारा पूर्व में भी कई लोगों को अवैध हथियार सप्लाई करने का खुलासा हुआ है।
पुलिस का कहना है की 9 जुलाई 2026 को बबरीवन स्थित कालीशाह मस्तान की दरगाह के पास अवैध पिस्टल के साथ गिरफ्तार किए गए आफताब उर्फ घुटला के मामले की जांच के दौरान हथियारों की खरीद-फरोख्त के नेटवर्क का पता चला था। विवेचना में सामने आया की अमन उर्फ अबुबक्स उर्फ लाला ने अपने साथी सलमान और आबिद की मदद से पिस्टल खरीदी थी। पूछताछ में आरोपियों ने पिस्टल मनोज सिकलीगर से लेना बताया था। मामले में सलमान और आबिद को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका था। जबकि हथियार सप्लाई करने वाला मनोज सिकलीगर निवासी कालापाट, जिला देवास फरार था। कोतवाली पुलिस ने लगातार तलाश के बाद उसे गिरफ्तार किया। जिसने पूछताछ में अमन उर्फ लाला, आबिद और सलमान को पहले पिस्टल बेचने की बात कबूल की।
आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया था। जहां से उसे पुलिस अभिरक्षा में सौंपा गया है।
बताया गया की आरोपी पर पहले से आर्म्स एक्ट के मामले दर्ज हैं। साल 2011 में थाना औद्योगिक क्षेत्र रतलाम, साल 2017 में थाना कानफोड़ देवास और 2026 में थाना कोतवाली खंडवा में प्रकरण दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ करते हुए इस पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है।------