घर में रखी थी पटाखों की खेप, वहीं लग रही थी कोचिंग, छापामार कार्यवाई कर 2 लाख के पटाखे जब्त
जिस घर में छोटे-छोटे मासूम बच्चे कोचिंग पढ़ रहे थे। ठीक उसी जगह पर विस्फोटक सामग्री रखी हुई थी। सूचना मिलने के बाद पुलिस और राजस्व अमला मौके पर पहुंचा और छापामार कार्यवाई की। जहां भारी संख्या में आतिशबाजी को जब्त किया गया। जिसकी कीमत करीब दो लाख रूपये बताई गयी। मामला रायसेन जिले के वार्ड 14 स्थित अवंतिका कॉलोनी से सामने आया है। जहां पुलिस ने घर के अंदर से पटाखों का जखीरा बरामद किया।
बताया गया की मकान में बिना लाइसेंस पटाखों का भंडारण किया जा रहा था। हैरानी की बात यह है कि इसी मकान में बच्चों की कोचिंग भी संचालित हो रही थी। जिससे उनकी सुरक्षा पर खतरा बना हुआ था।
एसडीओपी आकांक्षा तलैया के नेतृत्व में हुई कार्रवाई में मकान मालिक योगेश अग्रवाल के यहां से आतिशबाजी का स्टॉक मिला। बताया गया कि वह पिछले करीब 10 साल से घर में पटाखों का भंडारण कर रहा था। पुलिस ने जब्त आतिशबाजी को कोतवाली थाने पहुंचाया। मामले में आतिशबाजी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।
एसडीओपी ने जानकारी देते हुए बताया की त्योहारों को देखते हुए अवैध पटाखों के भंडारण और बिक्री के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को कोचिंग भेजने से पहले सेंटर की सुरक्षा जांचने की अपील की। कार्रवाई के दौरान टीआई नरेंद्र गोयल समेत पुलिस और राजस्व विभाग की टीम मौजूद रही।