होटल के फ़ूड वेस्ट टैंक की सफाई के दौरान हादसा, 4 युवक हुए ख़त्म, कटर मशीन से चैंबर काटकर निकाला
रेस्टॉरेंट में फ़ूड वेस्ट टैंक की सफाई करते समय एक दर्दनाक हादसा हुआ। जिसमें चार परिवारों के चिराग एक साथ बुझ गए। चारों युवकों को दुखद जान चली गयी। बताया गया की ओवरग्राउंड चैम्बर की सफाई के समय जहरीली गैस और दम घुटने की आशंका के चलते चार कर्मचारी अंदर फंस गए थे। उन्हें बचाने पहुंचे दो अन्य लोगों की भी तबियत बिगड़ी जिन्हे इलाज के लिए भेजा गया था। मामला उज्जैन जिले के देवास रोड स्थित श्री गंगा रेस्टॉरेंट का है। मामले में सीएम डॉ. मोहन यादव ने भी दुःख जताया है। फ़िलहाल प्रशासन ने जांच शुरू की है। वाल्मीकि समाज के लोगों ने होटल संचालक पर धारा 302 के तहत प्रकरण दर्ज करने की मांग की। जबकि मृतकों के परिजनों ने एक-एक करोड़ रुपये मुआवजा और परिवार में एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग की है।
बताया जा रहा है की बीते शनिवार की रात करीब 10:30 बजे रेस्टोरेंट के फूड वेस्ट टैंक में जाम होने से सफाई का काम किया जा रहा था। तभी एक कर्मचारी चैंबर के अंदर उतरा। जो बाहर नहीं निकल सका। उसे बचाने एक के बाद एक तीन कर्मचारी भी अंदर उतरे और चारों चैंबर में फंस गए। जहरीली गैस और ऑक्सीजन की कमी से हालत बिगड़ी और बेहोश हो गए। मौके पर पहुंची माधव नगर थाना पुलिस ने बचाव अभियान शुरू किया। कटर मशीन से चैंबर का गेट काटा गया। किसी तरह युवकों को बाहर निकालकर सीपीआर दिया गया। लेकिन काफी कोशिशों के बाद भी उन्हें बचाया नहीं जा सका।
इस दुखद हादसे में कमलेश, नितिन, वाहिद सोमवारिया और मनोज झालावाड़ की जान गयी।
कलेक्टर रोशन कुमार सिंह और एसपी प्रदीप शर्मा भी घटनास्थल पर पहुंचे थे। रेस्क्यू के दौरान एसआई धर्मेंद्र सिंह तोमर और आरक्षक संतोष समेत एक अन्य व्यक्ति के घायल होने की जानकारी सामने आई थी।
मामले में फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से चैंबर का बारीकी से निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस जांच कर रही है की किस तरह की लापरवाही बरती गयी। रेस्टोरेंट प्रबंधन की भूमिका और सुरक्षा नियमों के पालन में संभावित लापरवाही की भी जांच की जा रही है। चारों कर्मचारियों के जान जाने की असल वजह पीएम और अन्य जांच रिपोर्ट आने के बाद ही साफ़ होगी।
वहीं सीएम डॉ. मोहन यादव ने घटना पर दुख जताते हुए मृतक के परिजन को 4-4 लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने के निर्देश दिए हैं।