इस छोटे से गांव के जंबो सीताफल को भेजा दुबई, मिली विश्व स्तरीय पहचान, जल्द ही लंदन भेजने की तैयारी
एमपी के एक गांव में उगने वाला मौसमी फल अब दुबई के शेखों की थाली की शोभा बढ़ाएगा। जी हां सही सुना आपने आपको नज़र आने इस जीआई टैग जंबो सीताफल को विश्व स्तरीय पहचान मिल चुकी है। पहली बार इस फल को दुबई भेजा गया है। दरअसल हम बात कर रहे हैं सिवनी जिले के भूत बंधानी गांव की जहां का जंबो सीताफल पहली दफा दुबई पहुंचा है। बताया गया की स्वसहायता समूह की महिलाओं ने किसानों से सीताफल खरीदा। उम्मीद जताई जा रही है इससे अन्य रास्ते खुलेंगे और अन्य देशों में भी यहाँ के सीताफल को निर्यात किया जाएगा। जिससे स्थानीय किसानों को भी फायदा होगा।
जानकारी के मुताबिक सिवनी जिले के छोटे से गांव भूत बंधानी को अब विश्व स्तरीय पहचान मिल गयी है। यहां के जंबो सीताफल को पहले ही जीआई टैग मिल गया था। स्थानीय प्रशासन और स्वय सहायता समूह की महिलाओं के प्रयासों के बाद अब यह विदेश में भी निर्यात होने लगा है। इसका पहली खेप खेरमटाकोल से नागपुर के लिए रवाना की गयी है।
जहां नागपुर से शारजाह के लिए हवाई मार्ग से इसे भेजने के बाद सीताफल दुबई पहुंच जाएगा। आजीविका मिशन से जुड़ी स्व-सहायता समूह की महिलाओं के लिए यह उपलब्धि उनके छोटे प्रयासों को बड़े बाजार से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। बताया गया की इससे महिलाओं में आत्मविश्वास बढ़ा है और उन्हें अपने उत्पादों को स्थानीय बाजार से आगे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाने के नए अवसरों की उम्मीद जगी है।
इसको लेकर बताया गया की काफी समय से मेहनत की जा रही थी जिसका प्रतिफल अब मिला है। इसमें कई विभागों ने अपनी भूमिका निभाई है। बताया की सीताफल के दुबई निर्यात से अब आगे अन्य तरह के रास्ते भी खुलेंगे। इसकी मिठास कई अन्य देशों में भी पहुंचाई जायेगी। इसके अलावा जल्द ही इसे लंदन तक भेजने की भी तैयारी की जा रही है।------