Sagar- मकरोनिया से बहेरिया तक बनेगा चमचमाता फोरलेन, स्ट्रीट लाइट और हाईमास्ट से जगमगाएगा मार्ग
सागर के तेजी से बढ़ते शहरी विस्तार और यातायात के बढ़ते दबाव को देखते हुए मकरोनिया से बहेरिया तक सड़क की तस्वीर बदलने जा रही है। सागर को एनएच-44, कानपुर हाईवे और जबलपुर हाईवे से जोड़ने वाले इस महत्वपूर्ण मार्ग को फोरलेन के रूप में विकसित करने और बेहतर बनाने की दिशा में बड़ी सौगात मिली है। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के मंत्रालय ने एनएच-934 के इस हिस्से के उन्नयन और रखरखाव के लिए करीब 14.16 करोड़ रुपये की मंजूरी दी है।
इस स्वीकृति के बाद मकरोनिया से बहेरिया तक करीब 5.2 किलोमीटर लंबे मार्ग पर सड़क के डामरीकरण से लेकर आधुनिक सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा। योजना के तहत सड़क पर बिटुमिनस ओवरले यानी डामर की नई परत बिछाई जाएगी। इसके साथ ही पूरे मार्ग पर स्ट्रीट लाइट लगाई जाएंगी, जबकि प्रमुख चौराहों और जंक्शनों पर हाईमास्ट लाइट की व्यवस्था होगी। सड़क सुरक्षा के आधुनिक इंतजाम, पेवर ब्लॉक और नालियों का निर्माण भी प्रस्तावित कार्यों में शामिल है।
एनएच-934 के हिस्से में होने वाले इन कार्यों के प्रस्ताव को नरयावली विधायक प्रदीप लारिया के लगातार प्रयासों के बाद मंजूरी मिली है।
दरअसल, मकरोनिया अब सागर के उपनगर की पहचान से आगे बढ़कर तेजी से विकसित होते शहरी केंद्र के रूप में उभर रहा है। यहां बड़े-बड़े शोरूम, कंपनियों के आउटलेट, व्यावसायिक प्रतिष्ठान और आवासीय कॉलोनियां लगातार आकार ले रही हैं। ऐसे में सड़क पर वाहनों का दबाव भी बढ़ रहा है।
विधायक प्रदीप लारिया का कहना है कि मकरोनिया की बढ़ती आबादी और शहरी जरूरतों के अनुरूप बेहतर सड़क एवं यातायात सुविधाएं समय की मांग हैं। इस परियोजना से सागरवासियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और क्षेत्र के विकास को भी गति मिलेगी।