Sagar- भाजपा-कांग्रेस के नेता एक मंच पर आए नजर! सरदार पटेल की जयंती पर भव्य एकता रैली
लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती पर सागर जिले के गढ़ाकोटा में राष्ट्रीय एकता और सामाजिक सद्भाव की अनूठी तस्वीर देखने को मिली। यहां सरदार पटेल की जयंती के अवसर पर भव्य एकता रैली निकाली गई, जिसमें भाजपा और कांग्रेस के नेताओं के साथ सर्वसमाज के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। खास बात यह रही कि राजनीतिक मतभेदों को पीछे छोड़ दोनों दलों के नेता एक मंच पर नजर आए और सरदार पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
दरअसल, भारत रत्न सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के उपलक्ष्य में गढ़ाकोटा नगर में भव्य एकता रैली का आयोजन किया गया। रैली की शुरुआत टेडिया मंदिर से हुई, जहां से बड़ी संख्या में युवा, नागरिक और विभिन्न समाजों के लोग एकजुट होकर निकले। रैली नगर के प्रमुख मार्गों से होती हुई सरदार पटेल स्टेडियम पहुंची। पूरे आयोजन में राष्ट्रीय एकता और भाईचारे का संदेश देखने को मिला।
कार्यक्रम में राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार लखन पटेल, विधायक गोपाल भार्गव, कांग्रेस के पूर्व प्रत्याशी जीवन पटेल और गौरव पटेल सहित विभिन्न समाजों के प्रमुख शामिल हुए। सभी ने सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। आयोजन का सबसे खास पहलू यह रहा कि भाजपा और कांग्रेस के नेता राजनीतिक विचारधाराओं से ऊपर उठकर एक साथ नजर आए। सभी ने एक स्वर में सरदार पटेल के योगदान को याद किया।
इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति और कुशल नेतृत्व से देश की सैकड़ों रियासतों का एकीकरण कर अखंड भारत के निर्माण में ऐतिहासिक भूमिका निभाई थी। उनके आदर्श आज भी देश को एकता, अखंडता और भाईचारे के सूत्र में बांधने की प्रेरणा देते हैं। रैली में शामिल लोगों ने भी सामाजिक सद्भाव और आपसी एकता बनाए रखने का संदेश दिया। गढ़ाकोटा की यह एकता रैली संदेश दे गई कि सरदार पटेल के विचार किसी एक राजनीतिक दल तक सीमित नहीं, बल्कि पूरे देश की साझा विरासत हैं।