इंजेक्शन से परोसा जा रहा था नशा, ग्राहक बनकर खरीदारी करने पहुंची पुलिस, बड़े नेटवर्क का खुलासा
नशे के इंजेक्शनों के बड़े कारोबार को बेनकाब करने में पुलिस को सफलता मिली है। सबसे दिलचस्प बात ये है की पुलिस कर्मी खुद खरीदार बनकर पहुंचे और और नशे के लिए बेचे जा रहे 2856 टर्मिन इंजेक्शन के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। मुरैना जिले की पुलिस ने इस अवैध कारोबार का खुलासा किया। कोतवाली पुलिस ने ग्राहक बनकर पहले इंजेक्शन खरीदे और फिर पुरानी हाउसिंग बोर्ड स्थित एक मकान पर छापा मारकर 2856 इंजेक्शन जब्त किये जिनकी कीमत साढ़े चार लाख रुपए बताई गई।
दरअसल पिछले दो हफ़्तों में मुरैना के मेडिकल स्टोर से अवैध तरीके से टर्मिन इंजेक्शन बेचे जाने के दो वीडियो वायरल हुए थे। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग दो मेडिकल स्टोर पर कार्रवाई भी कर चुका है। इसी बीच एसपी धर्मराज मीना को सूचना मिली कि पुरानी हाउसिंग बोर्ड के एक मकान से नशे के इंजेक्शन का अवैध कारोबार किया जा रहा है वहां बड़ी खेप रखी हुई है। इसकी पुष्टि होने के बाद एसपी ने पुलिसकर्मियों को ग्राहक बनाकर भेजने की रणनीति बनाई। कोतवाली टीआई अमित भदौरिया ने एसआई अरुण कुशवाह और एसआई पवन भदौरिया को सादे कपड़ों में ग्राहक बनाकर मकान पर भेजा। यह घर विक्रम नगर निवासी ईशान वर्मा ने किराए पर ले रखा था। ईशान ने दोनों पुलिसकर्मियों को इंजेक्शन बेच दिए। इसके बाद पुलिस टीम ने मकान पर दबिश दी। इस दौरान मकान के अंदर 106 पैकेट, तीन कार्टन और एक प्लास्टिक के बोरे में कुल 2856 इंजेक्शन मिले। इनमें टर्मिन और उससे मिलते-जुलते इंजेक्शन शामिल थे। मौके से ईशान वर्मा के अलावा मयंक गुप्ता और अनिल उर्फ बाबी गुप्ता को भी पकड़ा गया। तीनों आरोपी बिना किसी मेडिकल या दवाओं के भंडारण संबंधी लाइसेंस के इंजेक्शनों का कारोबार कर रहे थे। पूछताछ में सामने आया की इंजेक्शनों की सप्लाई आगरा से मिलती थी। रामबाग निवासी हामिद खान इंजेक्शनों की खेप मुरैना भेजता था। जिसकी तलाश की जा रही है। बता दें की टर्मिन इंजेक्शन का इस्तेमाल अस्पतालों में बेहद कम रक्तचाप वाले मरीजों के इलाज को किया जाता है। ऑपरेशन के दौरान मरीज का ब्लड प्रेशर अचानक गिरने पर भी इसका इस्तेमाल किया जाता है। लेकिन मुरैना और आसपास के इलाकों में इस इंजेक्शन का इस्तेमाल नशे के लिए किया जा रहा है। इसकी लत में एक युवक दो महीने पहले जान भी दे चुका है।
पुलिस की माने तो सिर्फ मुरैना ही बल्कि कई अन्य क्षेत्रों में भी लोग इसका इस्तेमाल कर रहे हैं। फ़िलहाल तीनों आरोपियों पर अलग-अलग धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब नेटवर्क और अन्य कड़ियां खंगाल रही है।