पटाखा दुकानों में क्षमता से ज्यादा स्टॉक जमा, पास में पेट्रोल पंप , हा दसों से सबक नहीं !
दीपावली से पहले पटाखों के भंडारण और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। देखने पर मालूम होता है की पिछले हादसों से सबक नहीं लिया गया है। थोक पटाखा दुकानों में क्षमता से ज्यादा स्टॉक होने की बात सामने आई है। सवाल इसलिए भी क्योंकि एक तरफ पास ही पेट्रोल पंप है जबकि रिहायशी मकान और व्यापारिक प्रतिष्ठान भी हैं। यहां बात बालाघाट जिले की हो रही है। जहां बायपास रोड स्थित थोक पटाखा दुकानों में क्षमता से ज्यादा स्टॉक जमा होने की बात कही जा रही है।
दरअसल जिले में बीते कुछ सालों में कई दर्दनाक हादसे हुए हैं जिनमें कई लोगों को अपनीजान गंवानी पड़ी थी। जून 2017 में खैरी स्थित पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण विस्फोट में 23 मजदूरों की जान गई थी। 10 लोग गंभीर रूप घायल हुए थे। वहीं 2015 में किरनापुर की पटाखा फैक्ट्री में हुए धमाके में 3 मजदूरों की जान गई थी। इसीलिये दीपावली से पहले पटाखों के भंडारण और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
बालाघाट के बायपास रोड स्थित तीन थोक पटाखा दुकानों में दीपावली के त्योहार को देखते हुए बड़ी मात्रा में आतिशबाजी का स्टॉक जमा किया गया है। इस बात को खुद थोक पटाखा एसोसिएशन के अध्यक्ष कुमार वाधवानी ने कबूल किया है। मांग को देखते हुए अतिरिक्त पटाखों का भंडारण की बात उन्होंने कही। इसकी जानकारी प्रशासन को भी है। उन्होंने नियमानुसार 33 प्रतिशत अतिरिक्त स्टॉक रखने और उसका चालान जमा करने की बात भी कही है।
बताया जा रहा है की चिंता की बात इसलिए है क्योंकि पटाखों की दुकानें पेट्रोल पंप, रिहायशी मकानों और अन्य व्यापारिक प्रतिष्ठानों के नजदीक हैं। ऐसे में ज़रा सी लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है। बड़ी बात ये है की अगर किसी तरह की कोई अनहोनी होती है तो इसका जिम्मेदार कौन होगा। मामले में प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी पर सवालिया निशान लग रहे हैं।