किराना दुकान के ऊपर मिला पटाखों का जखीरा, पुलिस ने 49 हजार का माल किया जब्त | SAGAR TV NEWS |
त्योहारी सीजन में अवैध पटाखों के कारोबार पर एमपी के हरदा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। छीपाबड़ थाना पुलिस ने ग्राम चारूवा में एक किराना दुकान के ऊपर बने कमरे में दबिश देकर अवैध रूप से रखे आतिशबाजी और पटाखे जब्त किए हैं। पुलिस के मुताबिक, इन पटाखों को बिना लाइसेंस बिक्री के लिए रखा गया था। जब्त विस्फोटक सामग्री की कीमत करीब 49 हजार 275 रुपये आंकी गई है। मामले में पुलिस ने दुकान संचालक धर्मेंद्र राजपूत के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम सहित अन्य धाराओं में कार्रवाई की है।
दरअसल, छीपाबड़ थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम चारूवा में धर्मेंद्र राजपूत अपनी किराना दुकान के ऊपर बने कमरे में बड़ी मात्रा में पटाखे रखे हुए है। यह कमरा रहवासी इलाके में स्थित है और पटाखे रखने के लिए उसके पास कोई वैध लाइसेंस भी नहीं है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक संतोष सिंह चौहान के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की।
पुलिस ने दुकान संचालक को मौके पर बुलाकर पूछताछ की। उसकी पहचान धर्मेंद्र सिंह राजपूत, उम्र करीब 31 वर्ष, निवासी ग्राम चारूवा के रूप में हुई। जब पुलिस ने उससे पटाखों के भंडारण और बिक्री से संबंधित लाइसेंस मांगा, तो वह कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने कमरे में रखी आतिशबाजी सामग्री को विधिवत जब्त कर लिया।
इस कार्रवाई में कुल 49 हजार 275 रुपये कीमत के पटाखे जब्त किए गए हैं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम 1884 की धारा 5 और 9(बी)(1)(बी) तथा बीएनएस की धारा 288 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस अधिकारियों के मार्गदर्शन में हुई इस कार्रवाई में छीपाबड़ थाने की टीम शामिल रही। रहवासी इलाके में बिना अनुमति पटाखों का भंडारण सुरक्षा के लिहाज से गंभीर खतरा बन सकता है। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद अब यह सवाल भी अहम है कि क्षेत्र में कहीं और तो अवैध रूप से पटाखों का भंडारण या कारोबार नहीं किया जा रहा।