Sagar - बंडा शराब मामले के तीसरे आरोपी की मौत, परिवार ने पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप
सागर जिले के बंडा जहरीली शराबकांड के एक और आरोपी 45 वर्षीय जुझार सिंह की रविवार को इलाज के दौरान मौत हो गई। जुझार बंडा उप जेल में बंद था, जहां रविवार को उसकी अचानक तबीयत बिगड़ी और उसे इलाज के लिए बीएमसी में भर्ती कराया, लेकिन जब कोई सुधार होता नहीं दिखा तो डॉक्टर्स ने भोपाल रेफर कर दिया। जहां वह पिछले 5 दिन से वेंटीलेटर सपोर्ट पर था।
रविवार को मौत की सूचना मिलने के बाद भी नाराज परिजन शव लेने भोपाल नहीं पहुंचे। परिवार का आरोप है कि जेल में हुई मारपीट के कारण जुझार की मौत हुई है। यही बात छिपाने के लिए तबीयत बिगड़ने और बीएमसी में भर्ती करने की सूचना परिवार को नहीं दी गई। परिजनों के न पहुंचने से रविवार को शव का पोस्टमार्टम भी नहीं हो सका। बताया जा रहा है कि सोमवार को पुलिस की उपस्थिति में पीएम कराने के बाद शव को बंडा के नौराज गांव लाया जाएगा।
मृतक के छोटे भाई बहादुर सिंह ने बताया कि बीएमसी में भर्ती होने के बाद जब भाई की तबीयत ज्यादा बिगड़ी तो उन्हें सूचना दी। जब वह अस्पताल पहुंचे तो जुझार न तो बोलने की स्थिति में थे न ही आंखें खोल रहे थे। उनकी सांसें सागर में ही थम चुकी थीं, लेकिन पुलिस मारपीट का मामला दबाने बार-बार यही कहती रही कि सांसें चल रही हैं। इसके बाद उन्हें भोपाल रेफर किया तो 8 घंटे एम्बुलेंस के इंतजार में निकाल दिए। बहादुर ने बताया कि भाई की 2024 में बायपास सर्जरी हुई थी, उनका इलाज एम्स में चलता था। पुलिस को यह सब बताया था, इसके बाद भी एम्स की जगह उन्हें हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया गया। परिवार का आरोप है कि जेल में हुई मारपीट ने ही जुझार की जान ली है।
जहरीली शराबकांड में बंडा व शाहगढ़ क्षेत्र के 37 लोगों की मौत और कई लोगों की आंखों की रोशनी प्रभावित हुई है। मामले में पुलिस ने बंडा, विनायका व छानबीला थाने में कुल 57 आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया। इनमें से अब तक 40 से ज्यादा आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। वहीं तीन आरोपियों की मौत हुई है। मामला उजागर होने के पहले जहरीली शराब बनाकर उसे टेस्ट करने वाले दिनेश शिवहरे की मौत हुई थी। इसके कुछ समय बाद आरोपी रामसिंह की और अब जुझार सिंह की मौत हो गई। यह भी चर्चा है कि जुझार के एक रिश्तेदार की भी जहरीली शराब पीने से मौत हुई है, हालांकि इस बात की पुष्टि नहीं है